‘मिल्क कूलर’ सुविधा से मेलघाट में बदलाव की शुरूआत

दूध उत्पादन को मिलेगी नई गति

* केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का विश्वास
अमरावती/दि.6 – मेलघाट क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत दो हजार लीटर क्षमता वाले थोक दूध कूलर का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इस सुविधा से स्थानीय स्तर पर दूध उत्पादन को नई गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में भी सुधार होगा.
धारणी में आयोजित उद्घाटन समारोह और दुग्ध उत्पादक किसानों की बैठक में गडकरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभाग लिया. कार्यक्रम में नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) के अध्यक्ष डॉ. मिनेश शाह, प्रबंध निदेशक सी.पी. देवानंद, मराठवर्‍हाड दुग्ध उत्पादक कंपनी की अध्यक्ष वर्षा चव्हाण, लवादा स्थित संपूर्ण बंबू केंद्र की प्रमुख निरुपमा देशपांडे तथा वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रवि कोल्हे उपस्थित रहे. गडकरी ने बताया कि उन्होंने पहले मेलघाट में इस परियोजना को शुरू करने का वादा किया था, जो अब पूरा हो गया है. उन्होंने कहा कि स्थानीय किसानों को पशु चिकित्सा मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा और मदर डेयरी गौशाला निर्माण के तकनीकी पहलुओं में सहायता करेगी.
उन्होंने कहा कि मेलघाट में चारे की पर्याप्त उपलब्धता है, जिससे दुग्ध उत्पादन बढ़ाना संभव है. भविष्य में मेलघाट से एक लाख लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है. साथ ही नेपियर घास या मका की खेती कर उसका साइलेज बनाकर पूरे वर्ष पशुओं के लिए हरा चारा उपलब्ध कराया जा सकता है. इस अवसर पर तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और आंगनवाड़ी के लिए ‘शिशु संजीवनी’ कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया. यह योजना मेलघाट क्षेत्र के 50 गांवों में लागू की जाएगी, जिससे बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा.

Back to top button