समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ
समता सप्ताह कार्यक्रम में पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का कथन

* लाभार्थियों को योजनाओं का वितरण
अमरावती/दि.11– भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान ने प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार दिया है. इसी संविधान के मूल्यों पर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था आधारित है. समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने के लिए सरकार विशेष प्रावधान करती है, इसलिए सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम जरूरतमंद तक पहुंचे, ऐसा आह्वान पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने किया.
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग द्वारा आयोजित ‘समता सप्ताह’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान एवं लाभ वितरण सामाजिक न्याय भवन में पालकमंत्री के हस्ते किया गया. इस अवसर पर वे बोल रहे थे. कार्यक्रम में विधायक संजय खोडके, सुलभा खोडके, राजेश वानखडे, प्रवीण तायडे, महापौर श्रीचंद तेजवानी, प्रवीण पोटे-पाटील, जिल्हाधिकारी आशिष येरेकर, प्रादेशिक उपायुक्त माया केदार तथा सहायक आयुक्त राजेंद्र जाधवर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे.
पालकमंत्री बावनकुले ने कहा कि, भारतीय संविधान की ताकत के कारण आज 140 करोड़ भारतीय एकजुट हैं. ‘समता सप्ताह’ आमजन के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. अमरावती के इर्विन चौक में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का भव्य स्मारक तैयार किया जाएगा. साथ ही, नागपुर की तर्ज पर अमरावती में भी समाज कल्याण विभाग के माध्यम से आधुनिक अध्ययन कक्ष और ई-लायब्रेरी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. इस अवसर पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मृतक पीड़ितों के परिजनों को शासकीय नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. ‘कर्मवीर दादासाहेब गायकवाड़ सबलीकरण एवं स्वाभिमान योजना’ के तहत लाभार्थियों को भूमि पट्टों का वितरण किया गया. इसके अलावा, शासकीय वसतिगृह एवं अध्ययन कक्षों में अध्ययन कर शासकीय सेवा में चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान किया गया.
कार्यक्रम में राजश्री छत्रपति शाहू महाराज गुणवत्ता छात्रवृत्ति, अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए विदेश छात्रवृत्ति तथा अन्य विभिन्न योजनाओं के लाभ भी वितरित किए गए. इस दौरान सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं की जानकारी देने वाली पुस्तिका का विमोचन भी किया गया. कार्यक्रम का प्रास्ताविक सहायक आयुक्त राजेंद्र जाधवर ने किया, जबकि संचालन एवं आभार प्रदर्शन श्रीकृष्ण पखाले ने किया.





