‘गण, गण, गणात बोते’ के जयघोष से गूंज उठा परिसर
देवमाली स्थित गजानन मंदिर में मनाया प्रकट दिन

* दर्शन सहित भाविकों ने लिया महाप्रसाद का लाभ
परतवाडा /दि.10 – समीपस्थ देवमाली ग्राम पंचायत अंतर्गत गजानन कॉलोनी परिसर स्थित श्री गजानन महाराज मंदिर में प्रकट दिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. जिसमें भाविकों ने दर्शन के साथ महाप्रसाद का लाभ लिया. परिसर के हजारों भाविकों द्वारा किए गए ‘गण, गण, गणात बोते’ के जयघोष से परिसर गूंज उठा और भक्तिमय हुआ.
गजानन कॉलोनी के बिल्डर राहुल ठाकरे द्वारा प्रकट दिन मनाए जाने का यह दूसरा वर्ष है. उनकी ओर से पिछले वर्ष से प्रकट दिन उत्सव का आयोजन किया जा रहा है. प्रकट दिन के निमित्त रविवार 8 फरवरी को सुबह से ही दर्शन के लिए भाविकों की भीड रही. मंदिर में श्री संत गजानन महाराज की पालखी का पूजन और अभिषेक किया गया. प्रकट दिन उत्सव को सफल बनाने राहुल ठाकरे के नेतृत्व में राहुल घाटोलकर, गिरीश भोयर, परिक्षित शेवाने, आदित्य पापलकर, इशान पिंजरकर, अजय नाईक, चंद्रकांत म्हस्के, जय किचंबरे ने अथक प्रयास किए.
* जगह-जगह पर महाप्रसाद का आयोजन
देवमाली, अचलपुर और परतवाडा शहर में जगह-जगह पर प्रकट दिन के अवसर पर महाप्रसाद का आयोजन किया गया था. इस क्रम में देवमाली स्थित श्री नगर, रुक्मिनी नगर, बालाजी नगर, गुलमोहोर कॉलोनी, केदार नगर में महाप्रसाद का आयोजन किया गया था. महाप्रसाद का हजारों नागरिकों ने अनुशासनबद्ध कतार में खडे रहकर लाभ लिया. इसमें युवा कार्यकर्ताओं ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया.





