क्लब की आत्मनिर्भरता को और भी आगे बढाना है
रिफार्म्स के नवनिर्वाचित सचिव डॉ. राजेश जवादे का कथन

* यूनिटी पैनल से थे सचिव पद के प्रत्याशी, हुए निर्वाचित
अमरावती /दि.23 – गत रोज हुए रिफार्म्स क्लब के चुनाव में सचिव पद हेतु यूनिटी पैनल की ओर से प्रत्याशी रहनेवाले वरिष्ठ नेत्र शल्यक्रिया चिकित्सक डॉ. राजेश जवादे विजयी रहे. जिन्होंने चुनाव में मिली जीत के बाद रिफार्म्स क्लब के सभी सदस्यों के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि, यूनिटी पैनल द्वारा अपने विगत दो वर्षों के कार्यकाल दौरान रिफार्म्स क्लब को शानदार तरीके से आत्मनिर्भर बनाने का काम किया गया. जिसे वे अपने आगामी कार्यकाल में भी बेहतर तरीके से आगे बढाएंगे.
रिफार्म्स क्लब के सचिव के तौर पर जीत हासिल करने के उपरांत दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष रुप से बातचीत करते हुए डॉ. राजेश जवादे ने कहा कि, अप्रैल 2024 में जब यूनिट पैनल ने रिफार्म्स क्लब के चुनाव में जीत हासिल की थी, तब क्लब की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी. उस समय क्लब के पास मात्र 10 लाख रुपए का फिक्स डिपॉजिट था और क्लब पर 15 से16 लाख रुपए का कर्ज था. ऐसे में यूनिटी पैनल के पदाधिकारियों ने संस्था के संविधान के अनुरुप स्पष्ट पारदर्शी व विकासोन्मुख काम करते हुए संस्था को कर्जमुक्त कराया. साथ ही आज क्लब के पास 1 करोड 1 लाख रुपए का फिक्स डिपॉजिट भी उपलब्ध है. इसके अलावा क्लब खुद कीचन नहीं चला सकता, इस भ्रम को भी समाप्त किया गया. इसके चलते विगत दो वर्षों से क्लब की कीचन सुविधा व्यवस्थित, निरंतर, सराहनीय व लाभ में संचालित हो रही है. जिसकी बदौलत क्लब में फैमिली फंक्शन, बीसी, युवाओं की पार्टियां व अन्य कार्यक्रम निरंतर आयोजित हो रही है. जिसके चलते पहले हमेशा ही खाली रहनेवाली क्लब की पार्किंग में अब वाहन खडे करने के लिए जगह कम दिखाई दे रही है. साथ ही दो वर्ष पहले बंद पडे रहनेवाले बिलियर्डस् रुम में अब रोजाना 30 से 40 सदस्य रोजाना बिलियर्डस् खेलते दिखाई देते है. साथ ही पहले घाटे में चलनेवाला टेनिस लॉन अब सुबह-शाम पूरी तरह से व्यस्त रहता है. जिससे क्लब का व्यवसाय एवं आर्थिक आधार और अधिक मजबूत हुआ है.
उपरोक्त जानकारी देने के साथ ही नवनिर्वाचित सचिव डॉ. राजेश जवादे ने कहा कि, पिछले कार्यकाल में शुरु किए गए कामों की परंपरा को मौजूदा कार्यकाल में आगे बढाया जाएगा. साथ ही जो काम पिछली बार करने रह गए थे, उन कामों को इस बार निश्चित रुप से पूरा किया जाएजा. डॉ. राजेश जवादे ने यह भी कहा कि, अब रिफार्म्स क्लब के चुनाव निपट चुके है, जिसके बाद क्लब के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा एक परिवार के तौर पर साथ मिलकर क्लब की बेहतरी के लिए काम किया जाएगा.





