दो करोड में मिला है ठेका रेलवेब्रिज तोड़ने का, तैयारी पूर्ण

ब्रिज का केवल उपरी हिस्सा तोडा जाएगा

* लोकनिर्माण विभाग की एनओसी का इंतजार
अमरावती/दि.25 अमरावती शहर की लाईफलाइन समझे जानेवाले रेलवेब्रिज को तोडने का ठेका मुंबई की मत्ते एसोसिएट्स कंपनी को दो करोड रुपए में मिला है. तोडफोड की तैयारी कंपनी द्वारा पूरी कर ली गई है. लेकिन लोकनिर्माण विभाग की तरफ से इस बाबत एनओसी मिलने का कंपनी को इंतजार है. संबंधित कंपनी द्वारा इस ब्रिज का रेलवे का केवल उपरी हिस्सा तोडा जानेवाला है.
बता दे कि अमरावती शहर का राजकमल चौक से रेलवे स्टेशन की तरफ जानेवाला रेलवे ब्रिज काफी जीर्ण हो जाने से नागरिकों की सुरक्षा की दृष्टि से 24 अगस्त 2025 की मध्यरात्रि को जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरी तरह बंद कर दिया गया था. रेलवे ब्रिज बंद किए जाने के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगड गई थी और जल्द से जल्द इस ब्रिज का निर्माण किए जाने की मांग होने लगी थी. केंद्र और राज्य शासनस्तर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा इसके लिए प्रयास किए गए. आखिरकार 6 माह बाद इस ब्रिज के रेलवे के उपरी हिस्से को तोडने का निर्णय लेकर जल्द इसका निर्माण किए जाने का फैसला लिया गया. इसके लिए निविदा प्रक्रिया भी पूर्ण की गई और मुंबई के मत्ते एसोसिएट्स कंपनी को ब्रिज का उपरी हिस्सा तोडने का ठेका दो करोड रुपए में दिया गया. संबंधित कंपनी ने गुरूवार 26 फरवरी से इस ब्रिज को तोडने की तैयारी पूरी कर ली है. लेकिन ब्रिज तोडने के लिए लोकनिर्माण विभाग की एनओसी का इंतजार है. वह भी तत्काल मिलने की संभावना जताई गई है.

* दोनों तरफ से बांध रखी है दीवार
रेलवे ब्रिज काफी जीर्ण हो जाने से किसी भी वाहन अथवा राहगीर की आवाजाही रोकने के लिए लोकनिर्माण विभाग की तरफ से तत्काल रेलवे के उपरी हिस्से में दोनों तरफ से दीवार का निर्माण किया गया था. इस कारण इस दीवार के भीतर प्रवेश करने के लिए लोकनिर्माण विभाग की एनओसी मिलना आवश्यक है. उसी का इंतजार अब संबंधित कंपनी द्वारा किया जा रहा है.

* 30 बाय 100 मीटर हिस्सा तोडा जाएगा
सूत्रों ने बताया कि रेलवे ब्रिज के जिस उपरी हिस्से को तोडा जानेवाला है वह अंदाजन 30 बाय 100 मीटर है. डबल कटर की सहायता से अत्याधनिक मशीन से इसे तोडा जाएगा. ब्रिज तोडते समय रेलवे सेवा अबाधित रखने पर विशेष ध्यान दिया जानेवाला है और एक माह के भीतर यह कार्य पूर्ण किया जाएगा. पश्चात उसके निर्माणकार्य की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

 

 

Back to top button