जल्द तय होगी स्थायी समिति सभापति के चुनाव की तारीख
मनपा से आज ही संभागीय आयुक्त के नाम भेजा गया पत्र

* किस पार्टी के पास रहेगी मनपा की तिजोरी, उत्सुकता तेज
अमरावती /दि.23 – विगत शुक्रवार को मनपा के नवनिर्वाचित व नवगठित सदन की पहली आमसभा हुई. जिसमें 8 स्वीकृत सदस्यों की नियुक्ति के साथ ही स्थायी समिति के 16 सदस्यों का चयन भी किया गया. जिसके उपरांत अब सभी की निगाहें स्थायी समिति के सभापति का चयन करने हेतु स्थायी समिति की पहली बैठक कब होगी और सभापति पद का चुनाव कब होगा, इस बात की ओर लगी हुई है. जिसे लेकर जानकारी सामने आई है कि, आज ही मनपा प्रशासन द्वारा संभागीय आयुक्तालय के नाम एक पत्र भेजा गया है. जिसमें स्थायी समिति सभापति के चुनाव की तारीख तय करने से संबंधित निवेदन किया गया है. ऐसे में सभी की निगाहें संभागीय आयुक्तालय द्वारा तय की जानेवाली तारीख पर टिकी हुई है.
बता दें कि, विगत शुक्रवार को मनपा की पहली आमसभा के बाद शनिवार व रविवार को सप्ताहांत व साप्ताहिक अवकाश रहा. जिसके बाद आज सोमवार को मनपा मुख्यालय में कामकाज शुरु होते ही सबसे पहले मनपा प्रशासन द्वारा स्थायी समिति सभापति के चुनाव की तारीख तय करवाने हेतु संभागीय आयुक्त के नाम पत्र भेजा गया.
ज्ञात रहे कि, महानगर पालिका में भाजपा, राकांपा (अजीत पवार), युवा स्वाभिमान पार्टी तभा शिंदे सेना, उबाठा व बसपा आघाडी का समावेश रहनेवाली महायुति की सत्ता है. जिसके पास 58 पार्षद है. जिसके चलते 16 सदस्यीय स्थायी समिति में भाजपा के 5, युवा स्वाभिमान पार्टी के 3, राकांपा के 2 तथा सेना-बसपा आघाडी के 1 ऐसे 11 सदस्य है. जबकि स्थायी समिति कांग्रेस के 3 व एमआईएम के 2 ऐसे 5 सदस्य विपक्ष की ओर से है. जिसके चलते स्थायी समिति में सभापति पद महायुति के पास ही रहना तय है.
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, मनपा में सत्ता स्थापित करते समय महापौर पद भाजपा व उपमहापौर पद युवा स्वाभिमान पार्टी के पास रखना तय हुआ था. जिसके चलते पूरी उम्मीद है कि, स्थायी समिति का सभापति पद गठबंधन के तहत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को दिया जाएगा. जिसके स्थायी समिति में 2 सदस्य है. ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि, स्थायी समिति का सभापति पद किस पार्टी के हिस्से में जाता है और स्थायी समिति का नया सभापति कौन बनता है.
* स्थायी समिति में दलनिहाय सदस्य संख्या
पार्टी सदस्य संख्या
भाजपा 5
कांग्रेस 3
वायएसपी 3
राकांपा 2
एमआईएम 2
सेना-बसपा गुट 1
* किस पार्टी से कौन सदस्य है स्थायी समिति में?
भाजपा – पद्मजा कौंडण्य, स्मिता सूर्यवंशी, मिलिंद बांबल, पंचफुला चव्हाण और विनोद तानवैस.
कांग्रेस – ललिता रतावा, अस्मा फिरोज खान और प्रशांत महल्ले.
वायएसपी – प्रशांत वानखडे, दीपक साहू सम्राट और प्रियंका पाटणे.
राकांपा – अविनाश मार्डीकर और मिनल सवई.
एमआईएम – सलाउद्दीन इकरामुद्दीन और नजीम खान करीम खान.
सेना-बसपा गुट – मंजुषा जाधव.