बडनेरा के साथ हो रहा दूजा भाव रोकना है
एमआईएम नगरसेवक नजीब खान की प्राथमिकता

* शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं करनी है मजबूत
* मनपा का नाम अमरावती-बडनेरा होना चाहिए
अमरावती /दि.9 – मनपा प्रभाग-21 जूनी बस्ती बडनेरा के नवनिर्वाचित एमआईएम नगरसेवक नजीब खान करीम खान ने कहा कि, बडनेरा के साथ वर्षों से चला आ रहा महानगरपालिका का भेदभावपूर्ण बर्ताव रोकना ही उनकी प्राथमिकता और जिम्मेदारी है. बडनेरा का नाम अमरावती मनपा में जोडना होगा. इसका भी बडनेरावासियों पर भावनात्मक असर होने का दावा नजीब खान ने किया. अमरावती मंडल कार्यालय में आकर अपने प्रभाग और वहां के नागरिकों की खास समस्याओं एवं विषयों पर नजीब खान ने दो टूक बातें की. पेशे से प्रसिद्ध कंपनी के दूध डीलर नजीब खान पिछले 10 वर्षों से मिल्लत फाउंडेशन के माध्यम से अपने क्षेत्र के लोगों के लिए लगभग 24 घंटे उपलब्ध और तत्पर हैं.
* दूध की रखवाली बिल्ली को
नजीब खान अपने प्रभाग की समस्याओं को लेकर बहुत बेबाक है. उन्होंने दो टूक कहा कि, प्रशासक राज से ही गंदगी को लेकर बडनेरा और उनका खासकर जूनी बस्ती इलाका उपेक्षित रहा. साफ-सफाई का घोर अभाव रहा है. एमआईएम नगरसेवक ने कहा कि, अच्छे से साफ-सफाई अपेक्षित है, तो प्रभाग निहाय ठेका होना चाहिए. उसी प्रकार सफाई कर्मियों की संख्या 2017 समान 55 या उससे अधिक रहे, तो बेहतर होगा. तभी भली प्रकार से साफ-सफाई सभी एरिया में हो सकेगी. लोगों को गंदगी से छूटकारा मिलने के साथ बीमारियां भी कम होगी. नजीब खान ने यह भी कहा कि, सफाई का मुद्दा एंडलेस लग रहा है. विशेष आमसभा के बाद पालकमंत्री को भी साफ-सफाई के संबंध में ही निर्देश देने पड रहे हैं.
* 3 नंबर और 10 नंबर की शालाएं
नजीब खान ने बडनेरा की मनपा 3 नंबर और 10 नंबर की शालाओं की घोर उपेक्षा का आरोप प्रशासन पर लगाया. उन्होंने कहा कि, 1992 से चल रही शालाएं आज भी उपेक्षित है और कम्पाउंड वॉल तक बनाई नहीं गई है. जिसके कारण शालाओं में पढाई कर रहे तकरीबन 1500 विद्यार्थी शारिरीक विकास से वंचित है. उन्हें कक्षाओं में ही बंद रहना पड रहा है. आलम यह है कि, गत 6 वर्षों से यहां पीटी क्लास नहीं हो पाती.
* विधायक राणा पर आरोप
नजीब खान ने बडनेरा के विधायक रवि राणा पर आरोप लगाने के अंदाज में कहा कि, उपरोक्त दोनों शालाओं को विधायक राणा ने गोद लिया था. उसके बाद शालाओं को अपने हाल पर छोड दिया गया. आज भी वहां की कक्षाएं एक साथ 70-70 बच्चों को लेकर भरती है. जबकि कक्षाओं के लिए जगह का घोर अभाव है. नजीब खान ने इस ओर ध्यान दिलाया कि, मनपा की उक्त दोनों उर्दू माध्यम शालाओं में विद्यार्थियों के प्रवेश की कोई समस्या नहीं है. यहां प्रवेश हाउसफुल हो जाता है. कई बार बोर्ड लगाना पडता है कि, प्रवेश फुल हो गये हैं. ऐसी स्कूल पर भी मनपा द्वारा ध्यान न दिया जाना सभी को खल रहा है. इस विषय में नजीब खान ने आमसभा में प्रस्ताव देने की बात कही. स्कूल के लिए पर्याप्त कक्षाएं बनाने का उनका आयुक्त से अनुरोध है.
* मोदी अस्पताल की सुविधाओं का मुद्दा
नजीब खान ने बडनेरा के मोदी अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का विषय चर्चा दौरान उपस्थित किया. उन्होंने कहा कि, अस्पताल का प्रसूति कक्ष दो वर्ष पूर्व अचानक बंद कर दिया गया. उसी प्रकार यहां मनपा और जिला सामान्य अस्पताल के करीब 7 चिकित्सक नियुक्त है. किंतु प्रत्यक्ष रुप से 3 डॉक्टर्स जिला अस्पताल इर्विन में ही कार्यरत है. जबकि वे वेतन मोदी अस्पताल से पाते हैं. नजीब खान ने मोदी अस्पताल में दोबारा प्रसूति कक्ष शुरु किये जाने के साथ वहां बालरोग विशेषज्ञ और एनेथेशिया विशेषज्ञ डॉक्टर की नियुक्ति का अनुरोध प्रशासन से किया है. वहां प्रसूति कक्ष शुरु किये जाने से बडनेरा के आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को सुविधा होने एवं जिला स्त्री अस्पताल डफरीन का भार कम होने की बात कही. नजीब खान ने कहा कि, खेल के मैदानों का विषय भी वे हैंडल करेंगे.
* बगीचों में होंगे मिनी जिम
बडनेरा के खेल के मैदानों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कोशिश नगरसेवक नजीब खान करेंगे. उन्होंने अमरावती मंडल से चर्चा में कहा कि, अरोरा लेआउट सहित सभी बागबगीचों में महिला वर्ग के लिए खास मिनी जिम के उपकरण का प्रबंध होगा. बच्चों के शारीरिक विकास के लिए खेल के मैदान आवश्यक है. इन मैदानों का डेवलपमेंट करने की बात नगरसेवक नजीब खान ने कही. उल्लेखनीय है कि, नजीब खान के परिवार में पत्नी शबाना नाज, बडे पुत्र बिलाल हैदर खान और छोटे पुत्र हुजैफा हसनैन खान है. फिलहाल पीजीडीएमएलटी कर चुके हैं, जबकि हुजैफा पोद्दार शाला में कक्षा 10 वीं के छात्र हैं.





