डबल इंजिन की टैंक पिचकारी सभी को लुभा रही है.
योगी का भी दिखाई दे रहा जलवा

* पिचकारियों के साथ हथौडा, बेलन कुल्हाडी जैसे खिलौने भी खूब लुभा रहे
अमरावती/ दि.28 – हिन्दी फिल्म, धारावाहिक या फिर ओटीटीं शो अब टीवी का हर चैनल खोलते ही सर्वत्र होली के रंग और पिचकारियों के साथ होली के गीत बलम पिचकारी जो तुने मुझे मारी, तो सीधी- सादी छोरी … जैसे गाने ही सुनाई देते हैंं. अब एक तरफ पूरे सप्ताह तक सर्वत्र होली का क्रेज रहेगा. वही बाजार में भी होली में इस्तेमाल होनेवाली विविध प्रकार की पिचकारियों और हथियार रूपी खिलौने बच्चों में खरीदारी के लिए आकर्षण का केन्द्र बने हैं. इस बार बाजार में मोदी सरकार को दर्शाती डबल इंजिन की सरकार की टैंक पिचकारी सभी को लुभा रही है.
होली व धुलेंडी का त्यौहार इस वर्ष मार्च के पहले सप्ताह यानी 2 व 3 मार्च को पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जायेगा. इस निमित्त मार्केट भी रंग- बिरंगे कलर्स, गुलाल के साथ विभिन्न तरह की डिजाइनर व फैन्सी पिचकारियों से सज गया है. मार्केट में गुलाल उडाने के लिए खास आइटम आए हैं. इनमें बैटरी और रिफिल वाली स्पायरी गन्स के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स पिचकारी आकर्षण का केंद्र बनी है. मोची गली स्थित नव्या जनरल स्टोअर के संचालक ने बताया कि इस साल अधिकांश बच्चे टैंक की पिचकारी की अधिक डिमांड कर रहे हैं. जिसमें हैंड पंप, वॉटर टैंक, गन, शॉवर बलून, कैप्टन अमेरिका, आर्यन मैन की भी खरीदारी कर रहे हैं. जहां हैंड पंप 30 से 250 रूपए, वॉटर टैंक 200 से 700 रूपए, गन 40 से 700 रूपये, शॉवर बलू 80 से 100 रूपए की रेंज में उपलब्ध है. इसके साथ ही पक्के रंग मास्क के साथ आर्टिफिशियल बालों वाले मुखौटे, टोपियां, रबर, फोल्डिंग चार्ली पुंगी, प्लास्टिक व फर के मास्क भी लोगों को खूब लुभा रहे हैं. जो 20 से 200 रूपए की रेंज में बिक रहे हैं. होली पार्टियों में इस्तेमाल होनेवाले आकर्षक गुलाज सिलेंडर्स भी बाजार की रौनक बढा रहे हैं. यह सिलेंडर्स 2, 4 व 6 किलो तक के वजन के साथ बिक रहे हैं. जिनकी कीमत 800 से 1300 रूपए तक है. शहर में मोची गली के साथ अब शहर के विभिन्न इलाको में होली की पिचकारियों का बाजार सजने लगा है. इसके अलावा बाजार में हर्बल कलर 20 से 150 रूपए तथा हर्बल गिफ्ट कलर हैम्पर 150 से 400 रूपए तक की रेंज में उपलब्ध है.
बाजार में जहां मोदी का बोलबाला है. वहीं योगी का भी जलवा दिखाई दे रहा है. इस बार मोदी है तो मुमकिन है… इस स्लोगन के साथ बनाई गई आकर्षक पिचकारियां लोगों का ध्यान खींच रही है. इसके साथ ही विभिन्न अवतारों के लिए कुल्हाडी, बेलन, हथौडा, तलवार, गदा फैन्सी पाईप, गुब्बारे और विविध प्रकार के खिलौने भी होली के लिए विशेष रूप से बाजार में आए हैं. सागर पिचकारी भंडार के संचालक आकाश शिरभाते ने कहा कि इस बार इन खिलौनों को लेकर बाजार में अत्याधिक उत्साह दिखाई दे रहा है. भले ही होली व धुलेंडी के त्यौहार पर थोडी बहुत महंगाई लेकिन लोग फिर भी खरीदारी में किसी प्रकार की कमी नहीं दिखा रहे हैं.
खास कपडो पर प्रिंट हो रही होली की टैग लाइन
बाजार में इस वर्ष भी होली निमित्त विशेष टैग लाइन व प्रिंट के टीशर्ट भी आए हैं. जो मात्र 100 रूपये के दाम में बिक रहे हैं. यह टीशर्ट कुछ इस प्रकार के फैब्रीक से बने है जो रंगों को पकडकर नहीं बल्कि उसे जल्द से जल्द निकाल दे और आपकी त्वचा को भी हानि न पहुंचाए. साथ ही यह केवल सफेद रंग में होने से इन टीशर्ट पर लगा रंग आपने कितनी होली खेली है, इसका भी सबूत पेश करेगा.





