मनपा की पहली आमसभा 20 को, होगी स्वीकृत सदस्यों की घोषणा
स्थायी समिति भी चुनी जायेगी

* अगले सप्ताह बढेगी हलचल
अमरावती/ दि. 13-महापालिका की पहली आमसभा अगले शुक्रवार 20 फरवरी को होने जा रही है. जिसमें मनोनीत नगरसेवकों सहित स्थायी समिति के 16 सदस्यों का भी चुनाव होगा. महापौर श्रीचंद तेजवानी ने सभापति के रूप में अगली आमसभा आहूत करने का निर्णय कर लिया है. सरकारी निर्णयानुसार 19 फरवरी को शिव जयंती पश्चात अगले दिन आमसभा में 8 स्वीकृत सदस्य और स्थायी समिति के 16 सदस्यों की नियुक्ति अर्थात चयन होगा. फलस्वरूप रविवार को महाशिवरात्रि पर्व उपरांत राजनीतिक हलचल अगले सप्ताह बढने की संभावना है.
नये मनपा सदन की पिछली विशेष सभा गत 6 फरवरी को हुई थी. जिसमें महापौर श्रीचंद तेजवानी और उप महापौर सचिन भेंडे का चयन वोटिंग से हुआ था. 87 सदस्यों वाली अमरावती मनपा में दलीय स्थिति देखे तो भाजपा 25, युवा स्वाभिमान 15, कांग्रेस 15, एमआयएम 12, राष्ट्रवादी अजीत पवार 11, शिवसेना शिंदे 3, बसपा 3, शिवसेना उबाठा 2 और वंचित बहुजन आघाडी का एक नगरसेवक है.
गट नेता के पत्र पर सदस्य बनेंगे
महापालिका में पंजीबध्द गटों के नेताओं द्बारा महापौर को दिए गये पत्र के अनुसार मनोनीत और स्थायी समिति सदस्य के नाम महापौर घोषित करेंगे. यह संपूर्ण प्रक्रिया नियमों के अनुसार होनेवाली है. उसी प्रकार स्थायी समिति में 16 सदस्यों का चयन होना है. जिसमें संख्या बल के आधार पर बीजेपी के 5, युवा स्वाभिमान और कांग्रेस के 3- 3, एमआयएम के 2, राष्ट्रवादी अजीत पवार के 2 और 16 वां सदस्य बसपा – शिवसेना शिंदे द्बारा मिलकर बनाए गये गट से होगा. याद दिला दे कि शिवसेना उबाठा के दो और वंचित आघाडी के एक सदस्य स्वतंत्र गट के रूप में दर्ज है.
8 स्वीकृत सदस्य
शहरी विकास मंत्रालय के ताजा निर्णयानुसार अब दलों की संख्या के आधार पर 10 प्रतिशत से कम मनोनीत सदस्य नियुक्त किए जायेंगे. विभाग ने 2023 के नियमों को कायम रखा है. जिससे मनपा में 8 नगरसेवक स्वीकृत होंगे. नगर सचिव संदीप वडुरकर ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि पिछली बार के पांच की तुलना में इस बार 8 स्वीकृत नगरसेवक होने जा रहे हैं.





