सभी के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है हव्याप्र मंडल

पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का प्रतिपादन

* गुरुवर्य स्व. अंबादासपंत वैद्य मार्ग का किया लोकार्पण
* मंत्री बावनकुले के हाथों कुश्ती मैट का पूजन व वितरण
अमरावती /दि.11– गुरुवर्य स्वर्गीय अंबादासपंत वैद्य द्वारा सन् 1914 में स्थापित श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल आज भी राष्ट्रहित के विचारों पर अग्रसर है. उनके कार्यों से प्रेरणा लेते हुए इस संस्था से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हों, इसके लिए संस्था के सर्वांगीण विकास की आवश्यकता है. पद्मश्री प्रभाकरराव वैद्य के समर्पित कार्य और व्यक्तित्व को देखते हुए, अमरावती जिले के पालकमंत्री के रूप में हम इस संस्था के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, ऐसा आश्वासन पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दिया.
गांधी चौक से ओसवाल भवन मार्ग का नामकरण गुरुवर्य स्व. अंबादासपंत वैद्य के नाम पर किया गया. इस अवसर पर नामकरण फलक का लोकार्पण तथा कुश्ती मैट वितरण एवं पूजन समारोह का आयोजन शुक्रवार, 10 अप्रैल को शाम 6 बजे श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल परिसर में किया गया. मंडल के प्रधान सचिव पद्मश्री प्रभाकरराव वैद्य की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पालकमंत्री बावनकुले के हाथों फलक का उद्घाटन तथा कुश्ती मैट का विधिवत पूजन किया गया. पूजन विधि पं. मिलिंद कोरान्ने के मार्गदर्शन में संपन्न हुई. इस अवसर पर मंडल की ओर से पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का सार्वजनिक सत्कार भी किया गया.
कार्यक्रम में विधायक प्रवीण तायडे, विधायक राजेश वानखडे, अचलपुर की नगराध्यक्ष रूपाली माथने, पूर्व मंत्री प्रविण पोटे सहित राजेश देशमुख, किरण पातुरकर, किरणताई महल्ले, मंडल के उपाध्यक्ष डॉ. श्रीकांत चेंडके, सचिव प्रा. डॉ. माधुरी चेंडके, डॉ. संजय तिरथकर, सुनील खराटे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे. प्रास्ताविक में प्रा. डॉ. माधुरी चेंडके ने मंडल की क्रीड़ा, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में भूमिका, विकास की चुनौतियों तथा राष्ट्रीय गुरुकुल के रूप में इसके विकास के लिए शासन एवं प्रशासन से सहयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला.
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय पांडे एवं आशीष हटेकर ने किया. इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारी, प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी तथा सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र के अनेक गणमान्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे.

Back to top button