30 रोजे व 5 जुमे के साथ मुकम्मल हुआ माह-ए-रमजान

आज चांद रात, कल धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी ईद

* आज शाम मगरीब की नमाज के बाद होगी चांद की शहादत
* कल सुबह 8.45 बजे ईदगाह मैदान पर होगी ईद की नमाज
* मौलाना सईद अख्तर मुरादाबादी करेंगे ईद की नमाज की इमामत
* मस्जिद मिस्किनशहा मियां ट्रस्ट व कब्रस्तान कमिटी जुटे तैयारियों में
* रमजान ईद की आमद को लेकर मुस्लिम समाजबंधुओं में भी जबरदस्त उत्साह
* आज जुमातुल विदा की नमाज में माहे रमजान को भारी मन से दी गई विदाई
अमरावती /दि.20- 30 रोजे और 5 जुमे के बाद आज माहे रमजान समाप्त हुआ. जिसके बाद अब आज शाम मगरीब की नमाज के बाद चांद की शहादत यानि चांद का दीदार करते हुए चांद रात मनाई जाएगी और कल सुबह 8.45 बजे स्थानीय ईदगाह मैदान पर ईद की नमाज होगी. जहां पर माहे रमजान में विशेष तौर पर मुरादाबाद से अमरावती आए मौलाना सईद अख्तर मुरादाबादी द्वारा इमामत करते हुए ईद की नमाज पढाई जाएगी. जिसके लिए ईदगाह मैदान पर सभी आवश्यक इंतजाम करने हेतु मस्जिद मिस्किनशहा मियां ट्रस्ट व कब्रस्तान कमिटी के पदाधिकारी अभी से ही तैयारियों में जुटे हुए है. वहीं दूसरी ओर 30 रोजे और 5 जुमे के बाद मुकम्मल हुए रमजान माह के पश्चात कल मनाई जानेवाली रमजान ईद की आमद को लेकर मुस्लिम समाजबंधुओं में भी जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है. साथ ही आज माहे रमजान के पांचवें जुमे पर जुमातुल विदा की नमाज में सभी रोजादारों व नमाजीयों ने बडे ही भारी मन के साथ माहे रमजान को विदाई दी.
बता दें कि, विगत 19 फरवरी को माहे रमजान का आगाज हुआ था. जिसके बाद पूरे एक माह तक रोजादरों ने इबादत, नमाज, रोजा और दुआओ में अपना समय बिताया तथा देखते ही देखते इबादत, रहमत और बरकतों का महीना कहे जानेवाला माह-ए-रमजान 30 रोजों और 5 जुमों के साथ मुकम्मल हो गया. वहीं अब चांद के दीदार के साथ ही कल शनिवार 21 मार्च को खुशियों का त्योहार ईद-उल-फितर मनाया जाएगा. जानकारी के मुताबिक आज शाम मगरिब की नमाज के बाद चांद देखने (चांद की शहादत) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. चांद दिखाई देने के बाद ईद का ऐलान किया जाएगा और शहर में ‘चांद रात’ की रौनक देखने को मिलेगी. वहीं शहर में ईद-उल-फितर की मुख्य नमाज कल सुबह 8:45 बजे ईदगाह मैदान में अदा की जाएगी. ईद की नमाज की इमामत मौलाना सईद अख्तर मुरादाबादी करेंगे. नमाज के बाद मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे के लिए खास दुआ की जाएगी.
कल सुबह होनेवाली ईद की नमाज को ध्यान में रखते हुए नमाज एवं व्यवस्थाओं को लेकर मस्जिद मिस्किनशहा मियां ट्रस्ट एवं कब्रस्तान कमेटी द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. जिसके तहत ईदगाह मैदान की साफ-सफाई, पेयजल और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन जैसी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

* मुस्लिम समाज में उत्साह, बाजारों में रौनक
ईद की आमद को लेकर मुस्लिम समाजबंधुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है, खासकर कपड़े, सेवइयां, मिठाइयों और सजावट के सामान की बिक्री तेज हो गई है. जिसके चलते शहर के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों सहित व्यापारिक क्षेत्रों में अच्छी-खासी और जबरदस्त चहल-पहल दिखाई दे रही है.
* जुमातुल विदा पर नम आंखों से दी रमजान को विदाई
आज माहे रमजान के 29 वें दिन पडे पांचवें शुक्रवार यानि अंतिम जुमे पर शहर की सभी मस्जिदों में जुमातुल विदा की नमाज अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में नमाजियों ने हिस्सा लिया. जिसके चलते शहर की सभी मस्जिदों में आज नमाजीयों की अच्छी-खासी भीड एवं चहल-पहल दिखाई दी. इस समय लोगों ने माह-ए-रमजान को भारी मन से विदाई दी और पाक परवरदीगार से दुआ की कि वह उनकी इबादत और तमाम दुआओं को कबूल फरमाए.

Back to top button