मनपा की अगली आमसभा की कार्यसूची में भी शामिल है मोसीकॉल का मामला
नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले व पार्षद बबलू शेखावत ने डाला है प्रस्ताव

* मनपा कार्यालय के लिए जमीन दिए जाने की उठाई गई है मांग
अमरावती /दि.13 – तेजी से विस्तारित हो रहे अमरावती शहर के बीचों-बीच विलास नगर में स्थित मोसीकॉल कारखाने की 25 एकड जमीन को नीलामी के जरिए निजी हाथों में सौंपने की बजाए उसे अधिग्रहित कर वहां पर अमरावती महानगर पालिका के नए मुख्यालय वाली प्रशस्त इमारत तैयार की जाए, इस आशय की मांग वाला प्रस्ताव आगामी 17 मार्च को होने जा रही अमरावती महानगर पालिका की अगली आमसभा की कार्यसूची में कांग्रेस के पार्षदों द्वारा शामिल कराया गया है. जिसके चलते आज विधान परिषद में जैसे ही राज्य सरकार की ओर से पणन मंत्री जयकुमार रावल द्वारा यह जानकारी दी गई कि, सरकार ने मोसीकॉल कारखाने की जमीन की नीलामी प्रक्रिया को रद्द कर दिया है, तो कांग्रेस पार्षदों में इस फैसले को लेकर विशेष खुशी देखी गई.
बता दें कि, आगामी 17 मार्च को मनपा की अगली आमसभा होने जा रही है. जिसके लिए तैयार की जा रही प्रस्तावों की कार्यसूची में मनपा के नेता प्रतिपक्ष तथा पार्षद व कांग्रेस के शहराध्यक्ष बबलू शेखावत ने मोसीकॉल कारखाने की जमीन से संबंधित मुद्दा भी शामिल किया है. अपने द्वारा उठाए गए इस प्रस्ताव के संदर्भ में मनपा के नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले व पार्षद बबलू शेखावत का कहना रहा कि, सरकार द्वारा किसी समय उक्त जमीन मोसीकॉल कारखाने को व्यापक जनहित के मद्देनजर दी गई थी. ऐसे में अब चूंकि मोसीकॉल कारखाने को उस जमीन का कोई उपयोग नहीं है, तो सरकार ने अपने ही द्वारा आवंटित जमीन को मोसीकॉल प्रबंधन से वापिस लेकर अधिग्रहित करना चाहिए. साथ ही साथ वह जमीन मनपा को आवंटित की जाए, ताकि मनपा द्वारा उस जमीन पर अपना अत्याधुनिक, सुसज्जित व प्रशस्त मुख्यालय बनाया जा सके. अपने इस प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस पार्षदों द्वारा यह तर्क भी दिया गया था कि, अमरावती महानगर पालिका के मौजूदा मुख्यालय वाली जमीन काफी पुरानी हो चुकी है और शहर के लगातार हो रहे विस्तार को देखते हुए इस इमारत में कामकाज करने के लिए जगह भी अपर्याप्त साबित हो रही है. जिसके चलते मनपा के कई विभागों को अन्य स्थानों से संचालित करना पड रहा है. ऐसे में यदि मोसीकॉल कारखाने की जगह पर मनपा के नए मुख्यालय हेतु इमारत साकार की जाती है, तो शहर के बीचों-बीच ही सभी सेवा व सुविधाओं से सुसज्जित मनपा मुख्यालय उपलब्ध हो सकेगा. जिससे अंतत: अमरावती वासियों को ही सुविधाएं होंगी.
ऐसे में मनपा की आगामी आमसभा में उठाए जानेवाले प्रस्ताव से पहले ही आज राज्य सरकार द्वारा मोसीकॉल कारखाने की जमीन की नीलामी प्रक्रिया को रद्द कर दिए जाने की जानकारी दिए जाते ही मनपा के नेता प्रतिपक्ष विलास इंगोले व पार्षद बबलू शेखावत सहित कांग्रेस के सभी पार्षदों ने इस फैसले पर हर्ष जताया और कहा कि, मोसीकॉल की जमीन को लेकर आधी लडाई पूरी हो चुकी है और अब उक्त जमीन को मनपा मुख्यालय के लिए हासिल करते हुए बची हुई लडाई को भी जीतकर पूरा किया जाएगा.





