मनपा की तिजोरी में अब भी ‘ठन-ठन गोपाल’

संपत्ति कर की वसूली 25 फीसद पर ही रुकी

* काफी बडा फौजफाटा रहने के बावजूद वसूली अभियान सुस्त
* कर विभाग की कार्यप्रणाली पर लगे सवालिया निशान
अमरावती/दि.2– शहर के विकास की जिम्मेदारी संभालनेवाली अमरावती महानगर पालिका की स्थिति इस समय काफी हृदयविदारक है. क्योंकि आर्थिक वर्ष की समाप्ति तक संपत्ति कर की वसूल केवल 25 फीसद पर आकर रुक गई. अब तक 66 करोड 54 लाख 43 हजार 546 रुपयों के संपत्ति कर की वसूली हो पाई. वहीं 185 करोड 81 लाख 62 हजार 691 रुपए के संपत्ति कर की वसूली बकाया है. महानगर पालिका के पास कर वसूली के लिए कर्मचारियों की अच्छी-खासी फौज रहने के बावजूद वसूली की रफ्तार सुस्त रहने के चलते मनपा प्रशासन की कार्यक्षमता पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगते नजर आ रहे है.

* आर्थिक चक्र सुस्त
महानगर पालिका के दैनंदिन खर्च, कर्मचारियों के वेतन एवं विकास कामो के लिए निधि की उपलब्धता का काम पूरी तरह से कर वसूली पर निर्भर रहता है. पहले ही प्रशासक राज के दौरान हुए कामों की जांच को लेकर अच्छा-खासा हंगामा मचा हुआ है. वहीं अब मनपा की तिजोरी खाली रहने के चलते मनपा का आर्थिक चक्र पूरी तरह से सुस्त पडा है.

* कब होगी बडी कार्रवाई?
बकाया कर वसूली के लिए मनपा प्रशासन द्वारा संपत्ति की जब्ती अथवा नल कनेक्शन को काटने जैसी कार्रवाई कब की जाएगी, इस ओर सभी का ध्यान लगा हुआ है. वहीं दूसरी ओर मनपा प्रशासन द्वारा बकायदारों को केवल नोटिस जारी करते हुए अपने कर्तव्यों की इतिश्री की जा रही है.

* मनपा की भारी-भरकम फौज क्या कर रही
महानगर पालिका की आय का मुख्य स्त्रोत संपत्ति कर है. यदि समय पर कर जमा होता है, तो शहर में सडक, पानी व स्वच्छता के काम गतिमान होते है. परंतु मार्च माह की समाप्ति के बावजूद कर वसूली का आंकडा आगे बढने के लिए तैयार नहीं है. खास बात यह भी है कि, कर वसूली के लिए प्रत्येक जोन में विशेष पथकों की तैनाती की गई है. लेकिन इसके बावजूद कर वसूली का काम कछुआ गति से हो रहा है.

* क्या कहता है ‘रिपोर्ट कार्ड’
– कुल संपत्तिया – 3 लाख 5 हजार 690
– अब तक हुई वसूली – 66 करोड 54 लाख 43 हजार 546 रुपए.
– प्रतिशत – मात्र 25 फीसद
– बकाया वसूली – 185 करोड 81 लाख 62 हजार 691 रुपए. (अनुमानित)
– चालू मांग – 83 करोड 1 लाख 59 हजार रुपए.

Back to top button