जवान विजय नागापुरे की आत्महत्या का कारण अब तक अज्ञात
मोबाइल का एक साल का डाटा निकाला, परिजनों से की जा रही पूछताछ

अमरावती/ दि.28 – ड्यूटी के दौरान क्यूआरटी के जवान विजय नागापुरे द्बारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है. इस मामले में पुलिस ने मृतक विजय के मोबाइल का पिछले एक साल का डाटा निकालते हुए जांच शुरू कर दी है वहीं परिजन तथा परिचितों से पूछताछ कर उनके बयान लिए जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार शहर आयुक्तालय में कार्यरत पुलिस जवान विजय नागापुरे गुरूवार की सुबह ड्यूटी पर तैनात थे. तभी उन्होंने अपनी ग्लॉक पिस्टल से एक राउंड सर पर फायर कर खुदकुशी कर ली. घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई. पुलिस द्बारा प्रारंभिक जांच में अब तक आत्महत्या की वजह स्पष्ट रूप से सामने नहीं आ पायी है. जांच के तहत मृतक के पिछले एक वर्ष के मोबाइल डेटा की जांच की जा रही है. साथ ही परिजनों, सहकर्मियों व परिचितों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए जा रहे है. ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सकें.
शुक्रवार 27 मार्च को इन- कैमेरा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने जिस ग्लॉक पिस्टल से गोली चली थी. उसे तत्काल जब्त कर लिया है. पिस्टल को आगे की जांच के लिए फॉरेन्सिक लैब भेजा जायेगा. ताकि तकनीकी पहलुओं की भी पुष्टि हो सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. मोबाइल कॉल डिटेल, मैसेज, सोशल मीडिया गतिविधि सहित अन्य पहलुओं की पडताल जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो पायेगा. इस दुखद घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है. सहकर्मियों ने नागापुरे को शांत स्वभाव का व कर्तव्यनिष्ठ जवान बताया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.