वायगांव के श्री सिद्धिविनायक मंदिर का होगा कायाकल्प
बुनियादी सुविधाओं सहित सौंदर्यीकरण

* 2.72 करोड निधि को प्रशासकीय मंजूरी
* देखरेख की जिम्मेदारी जिला परिषद को
अमरावती/दि.3 -भातकुली तहसील के प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री सिद्धिविनायक गणपति संस्थान, वायगांव के परिसर का जल्द ही कायाकल्प होगा. राज्य सरकार की पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर ग्रामीण तीर्थस्थल विकास योजना के अंतर्गत इस मंदिर के सर्वांगीण विकास के लिए 2 करोड 72 लाख 50 हजार रुपए के विकासकार्यों को हाल ही में प्रशासकीय मंजूरी दी गई है.
लंबे समय से भक्तों की भीड और धार्मिक महत्व को देखते हुए इस तीर्थस्थल में बुनियादी सुविधाओं की जरूरत थी. सरकार के इस निर्णय से अब प्रत्यक्ष काम को गति मिलेगी. इस निधि अंतर्गत प्रमुखता से तीन महत्वपूर्ण काम पूरे किए जाएंगे. महिला और पुरुषों के लिए स्वतंत्र प्रसाधनगृह की सुविधा की जाएगी. भक्तों के महाप्रसाद के लिए सुसज्ज कीचन और बैठने के लिए भोजनकक्ष का निर्माण किया जाएगा. मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों क लिए और भक्तों को बैठने के लिए 1 करोड 19 लाख रुपए खर्च का भव्य सभामंडप निर्माण किया जाएगा.
जिला परिषद को सौंपी जिम्मेदारी
जिला परिषद अमरावती को इस काम की देखरेख की जिम्मेदारी सौंंंपी गई हैं. तकनीकी मंजूरी के बाद काम शीघ्रता से शुरु होंगे. यह सभी प्रकल्प पूर्ण होने के बाद वायगांव का यह मंदिर केवल धार्मिक केंद्र न रहकर एक सुसज्ज और पर्यटनस्नेही तीर्थस्थल के रूप में पहचाना जाएगा. इस निर्णय से ग्रामीणों में और गणेशभक्तों में हर्ष व्यक्त हो रहा है.