पेट्रोल व डीजल को लेकर हालात काफी हद तक ‘नार्मल’

6 लाख लीटर पेट्रोल व 9 लाख लीटर डीजल की खेप पहुंची जिले में

* पिछले 24 घंटों के दौरान सप्लाय चेन हुई सामान्य
* किल्लत दूर होते ही पेट्रोल पंपों पर भीड घटी
* अधिकांश पेट्रोल पंपों पर दोनों इंधन उपलब्ध
* शेष पंपों पर एक-दो दिन में स्थिति होगी पूर्ववत
अमरावती/दि.28 – विगत एक सप्ताह से अमरावती शहर सहित जिले में पेट्रोल व डीजल को लेकर जबरदस्त हाहाकार वाली स्थिति रही. लेकिन अब हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे है. क्योंकि अकोला जिले के गायगांव स्थित डिपो से शहर सहित जिले केे लगभग 200 पेट्रोल पंपों को पेट्रोल व डीजल की नियमित आपूर्ति होनी शुरु हो गई है और विगत 24 घंटों के दौरान अमरावती शहर सहित जिले में करीब 6 लाख लीटर पेट्रोल तथा लगभग 9 लाख लीटर डीजल की आपूर्ति हुई. जिसके चलते अब लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर दोनों तरह के इंधनों की पर्याप्त उपलब्धता होने लगी है. जिसकी वजह से विगत एक सप्ताह के दौरान पेट्रोल पंपों पर दिखाई दे रहा भीडभाड वाला नजारा अब लगभग गायब हो गया है. साथ ही अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पहले की तरह बेहद सामान्य स्थिति में पेट्रोल व डीजल की बिक्री चल रही है. वहीं जिन पेट्रोल पंपों के टैंक अब भी स्टॉक खत्म होने के चलते ‘ड्राय’ है, वहां पर आज देर शाम तक पेट्रोल व डीजल के टैंकर पहुंचने की पूरी संभावना है. ऐसे में कल सुबह तक जिले के सभी पेट्रोल पंप पहले की तरह सामान्य तरीके से शुरु दिखाई देंगे.
बता दें कि, ईरान-इजराईल के बीच चल रहे युद्ध तथा खाडी देशों में व्याप्त तनावपूर्ण हालात का सीधा असर पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पर पडा था. जिसके चलते पेट्रोल व गैस की किल्लत पैदा होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए वाहनधारकों में अच्छा-खासा हडकंप मच गया था और लोगबाग बडी संख्या में अपने वाहन लेकर पेट्रोल व डीजल भरवाने हेतु पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे थे और हर कोई अपने-अपने वाहनों के टैंक फुल करवाना चाह रहा था. जिसकी वजह से पेट्रोल व डीजल की ‘पैनीक सेलिंग’ बढ गई थी, जिसकी तुलना में पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति कम रहने के चलते अपने-आप में पेट्रोल व डीजल की किल्लत वाली स्थिति बन गई थी और कई पेट्रोल पंपों को स्टॉक खत्म हो जाने के चलते बंद भी करना पडा था. लेकिन अब धीरे-धीरे हालात पहले की तरह सामान्य होते जा रहे है. क्योंकि एक ओर गायगांव डिपो से पेट्रोल व डीजल की नियमित सप्लाय चल रही है. जिसके चलते अब धीरे-धीरे सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल की अच्छी-खासी उपलब्धता है और अधिकांश पेट्रोल पंप पहले की तरह पूरा समय खुले हुए है. वहीं जिन पेट्रोल पंपों पर अब भी ‘टैंक ड्राय’ वाली स्थिति है, वहां पर आज शाम तक पेट्रोल व डीजल की खेप पहुंचने की संभावना है. जिसके बाद शहर सहित जिले में हालात पूरी तरह से सामान्य हो जाएंगे.
इस संदर्भ में जिला आपूर्ति विभाग तथा अमरावती पेट्रोल पंप डीलर्स एसो. की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक अकोला जिले के गायगांव स्थित डिपो से भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, इंडियन ऑईल जैसी कंपनियों के टैंकर लगातार अमरावती के लिए रवाना किए जा रहे है. साथ ही साथ रिलायंस पेट्रोलियम व नायरा एनर्जी जैसी कंपनियों द्वारा भी अपनी सप्लाय चेन को चुस्त-दुरुस्त किया जा रहा है. जिसके चलते विगत 24 घंटों के दौरान अमरावती जिले में भारत पेट्रोलियम कंपनी द्वारा 2 लाख 20 हजार लीटर पेट्रोल व 3 लाख लीटर डीजल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी द्वारा 1 लाख 51 हजार लीटर पेट्रोल व 2 लाख 10 हजार लीटर डीजल, इंडियन ऑईल कंपनी द्वारा 1 लाख लीटर पेट्रोल व 1.50 लाख लीटर डीजल, रिलायंस पेट्रोलियम कंपनी द्वारा 79 हजार लीटर पेट्रोल व 1 लाख 45 हजार लीटर डीजल तथा नायरा एनर्जी कंपनी द्वारा 49 हजार लीटर पेट्रोल व 68 हजार लीटर डीजल की आपूर्ति की गई. जिसके चलते संबंधित कंपनियों के स्थानीय पेट्रोल पंपों पर अब पेट्रोल व डीजल का काफी हद तक भरपूर स्टॉक उपलब्ध है.
यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि, खाडी देशों में तनावपूर्ण हालात के चलते किल्लत की संभावना के साथ-साथ पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा मार्च एंडींग की वजह से ‘क्रेडिट सिस्टीम’ को बंद कर ‘एडवांस पेमेंट’ वाली पद्धती पर अमल करना शुरु किया गया था. जिसके चलते जहां एक ओर स्थानीय पेट्रोल पंप संचालकों को जारी सप्ताह के दौरान बैंक कार्यालयों में रहनेवाले अवकाशों के चलते पेट्रोलियम कंपनियों को ऑनलाइन पेमेंट भेजने में काफी समस्याओं व दिक्कतों का सामना करना पडा. जिसके चलते उन्हें माल मिलने में देरी व परेशानी हुई. जबकि इस दौरान लोगों में पेट्रोलियम उत्पादों की संभावित किल्लत को लेकर पैदा हुए ‘पैनीक’ की वजह से पेट्रोल व डीजल की मांग में 2 से 3 गुना इजाफा हो गया था और पेट्रोल पंपों में उपलब्ध स्टॉक देखते ही देखते खत्म होने लगा था. वहीं दूसरी ओर पेट्रोल पंप संचालकों के एडवांस पेमेंट लेने के बाद भी रिफाइनरी से आपूर्ति बाधित रहने के चलते कंपनियों द्वारा डिपो से पेट्रोल व डीजल लदे टैंकर रवाना करने में कुछ हद तक देरी हुई. जिसके चलते हालात और भी बिगड गए और देखते ही देखते जिले के 200 में से करीब 100 पेट्रोल पंपों पर माल ‘आऊट ऑफ स्टॉक’ हो गया. एक के बाद एक कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल खत्म हो जाने की खबरों ने लोगों में पेट्रोल व डीजल की आगे चलकर और भी जबरदस्त किल्लत होने के डर को बढा दिया. जिसकी वजह से जिन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल की बिक्री चल रही थी, वहां पर भीड में और भी अधिक इजाफा हो गया था. जिसके चलते उन पेट्रोल पंपों पर भी स्टॉक की कमी होने लगी. लेकिन अब करीब एक सप्ताह बाद पेट्रोल व डीजल की सप्लाय चेन धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है और अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता रहने के चलते पेट्रोल पंपों पर लगनेवाली भीडभाड अब पूरी तरह से घट गई है.
* सप्लाय पूरी तरह से सामान्य, स्टॉक भरपूर
अमरावती पेट्रोल पंप डीलर्स एसो. के सचिव सौरभ जगताप ने इस बारे में जानकारी व प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, वे पहले दिन से अमरावती में पेट्रोल व डीजल को लेकर कोई भी समस्या नहीं रहने की बात कह रहे है. क्योंकि डिपो से माल की सप्लाय सतत व लगातार चल रही है. परंतु पेट्रोल व डीजल की किल्लत रहने को लेकर फैल रही अफवाहों पर भरोसा करते हुए लोगबाग बिना मतलब ही ‘पैनीक’ हो गए थे और डर की वजह से बडी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर अधिक से अधिक पेट्रोल व डीजल खरीदते हुए अपने-अपने वाहनों के टैंक फुल करवाना चाह रहे थे. जिसके चलते पेट्रोल व डीजल की मांग में 2 से 3 गुना इजाफा हो गया था और स्वाभाविक तौर पर किल्लत पैदा हो गई थी. लेकिन अब गायगांव स्थित डिपो सहित सभी कंपनियों के डिपो से पेट्रोल व डीजल की समाधानकारक आपूर्ति हो रही है. जिसके चलते धीरे-धीरे लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर अब पेट्रोल व डीजल का स्टॉक उपलब्ध हो गया है. जिसकी वजह से अब लोगों में भी पेट्रोल व डीजल की कोई किल्लत नहीं रहने को लेकर भरोसा बढा है और अब लोगों की पेट्रोल पंपों पर लगनेवाली भीडभाड कम हुई है.
* हालात पूरी तरह से सामान्य, कहीं कोई किल्लत या कमी नहीं
सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी प्रज्वल पाथरे ने इस संदर्भ में जानकारी व प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि, पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति कभी भी पूरी तरह से बंद नहीं हुई थी. बल्कि पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा भुगतान पद्धती में किए गए कुछ बदलाव की वजह से आपूर्ति का काम प्रभावित जरुर हुआ था. जिसके पीछे सबसे मुख्य वजह जारी सप्ताह के दौरान विविध पर्वों एवं त्यौहारों की वजह से बैंक कार्यालयों में रहनेवाले अवकाश भी रहे. परंतु अब लगभग सभी पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा अपनी-अपनी कंपनियों को ऑनलाइन भुगतान भेजा जा चुका है. जिसके चलते कंपनियों द्वारा भी आपूर्ति को पूर्ववत कर दिया गया है. ऐसे में अब जिले के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल व डीजल की पूरी तरह से उपलब्धता हो गई है. ऐसे में कहीं पर भी किसी भी तरह की कोई किल्लत या कमी नहीं है.
* जिलाधीश येरेकर ने पेट्रोल व गैस एजेंसियों को दी भेंट
इसी बीच गत रोज जिलाधीश आशीष येरेकर ने जिला आपूर्ति अधिकारी निनाद लांडे के साथ राजेश गैस एजेंसी (बीपीसीएल), विदर्भ गैस एजेंसी (एचपीसीएल) व अग्रसेन पेट्रोलियम (आयओसीएल) को भेंट देते हुए एलपीजी सहित पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता एवं आवक को लेकर जानकारी हासिल की. साथ ही साथ एजेंसियों सहित सभी पेट्रोल पंपों के दर्शनी हिस्से में रोजाना सुबह उपलब्ध स्टॉक की जानकारी को लिखने तथा भीषण गर्मी व तेज धूप के समय पेट्रोल व डीजल भरवाने हेतु आनेवाले वाहनधारकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए. साथ ही साथ जिलाधीश ने आम नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा ‘पैनीक’ होकर बिना वजह पेट्रोल व डीजल की खरीदी नहीं करने का आवाहन भी किया. साथ ही बताया कि, यदि नागरिकों द्वारा इसी तरह से बेवजह पेट्रोल-डीजल की खरीदी की जाती रही और मांग में बेतहाशा वृद्धि होने से पेट्रोल व डीजल की किल्लत पैदा होने की संभावना बनी, तो प्रशासन को पेट्रोल व डीजल की राशनिंग करनी पडेगी.
* किस कंपनी के कितने लीटर पेट्रोल व डीजल की हुई आपूर्ति
कंपनी पेट्रोल डीजल
भारत पेट्रोलियम 2,20,000 3,00,000
हिंदुस्तान पेट्रोलियम 1,51,000 2,10,000
इंडियन ऑईल 1,00,000 1,50,000
रिलायंस पेट्रोलियम 79,000 1,45,000
नायरा एनर्जी 49,000 68,000

Back to top button