साफ-सफाई के मुद्दे पर मनपा की विशेष सभा अब 28 को

24 घंटे में विशेष सभा की तारीख बदली

* पहले 26 फरवरी की सभा की नोटिस हो गई थी जारी
अमरावती /दि.25 – विगत 20 फरवरी को मनपा के नवनिर्वाचित व नवगठित सदन की आमसभा के दौरान साफ-सफाई का मुद्दा जमकर गुंजा था. जिसके बाद केवल साफ-सफाई के मुद्दे पर चर्चा करने हेतु 26 फरवरी को मनपा के सदन की विशेष सभा बुलाने का निर्णय लिया गया था. जिसके लिए कल 23 फरवरी को अधिसूचना भी जारी कर दी गई थी. लेकिन 24 घंटे के भीतर ही विशेष सभा की तारीख में बदलाव कर दिया गया है और अब साफ-सफाई के मुद्दे पर मनपा की विशेष सभा आगामी 28 फरवरी को आयोजित की जाएगी, ऐसी जानकारी सामने आई है. 24 घंटे के भीतर विशेष सभा के आयोजन की तारीख को बदले जाने के पीछे की वजहों से संबंधित विस्तृत ब्यौरा फिलहाल प्राप्त नहीं हुआ है.
बता दें कि, विगत लंबे समय से अमरावती शहर में कचरे व गंदगी की समस्या तथा साफ-सफाई की अपर्याप्त व लचर व्यवस्था का मुद्दा चर्चा में बना हुआ है. जिसे लेकर प्रशासक राज के दौरान कई बार राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा मनपा प्रशासन के खिलाफ आंदोलन भी किए गए. इसके अलावा विगत जनवरी माह में हुए मनपा के आम चुनाव में भी साफ-सफाई का मुद्दा सबसे प्रमुख चुनावी मुद्दा रहा. यही वजह रही कि, विगत 20 फरवरी को हुई मनपा के मौजूदा सदन की पहली आमसभा में साफ-सफाई का मुद्दा जमकर गूंजा. ऐसे में विषय की गंभीरता को देखते हुए पिठासीन सभापति महापौर श्रीचंद तेजवानी एवं मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा-चांडक ने साफ-सफाई के मुद्दे पर विशेष रुप से चर्चा करने हेतु 26 फरवरी को मनपा की विशेष सभा बुलाने की बात कही थी. जिसके बाद 23 फरवरी को इस विशेष सभा के आयोजन को लेकर मनपा के नगर सचिव कार्यालय द्वारा नोटिस भी जारी की गई थी. परंतु अगले 24 घंटे के भीतर ही मनपा ने अपने फैसले में कुछ सुधार व संशोधन करते हुए साफसफाई के मुद्दे पर विशेष सभा 26 फरवरी की बजाए 28 फरवरी को आयोजित करने का निर्णय लिया. ऐन समय पर विशेष सभा के आयोजन की तारीख बदले जाने के पीछे की वजह मनपा द्वारा स्पष्ट नहीं की गई है.

26 फरवरी की विशेष सभा हेतु गत रोज जारी नोटिस

Back to top button