रोहित पवार की सुरक्षा राज्य सरकार संभाले

सांसद सुप्रिया सुले ने उठाई मांग

मुंबई/दि.19 – राज्य के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना के बाद उठे सवाल अब और गंभीर होते जा रहे हैं. इस प्रकरण में उनके भतीजे रोहित पवार लगातार शंकाएं उठा रहे हैं. इसी बीच सांसद सुप्रिया सुले ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया देते हुए रोहित पवार को सरकारी सुरक्षा देने की मांग की है.
बता दें कि, 28 जनवरी को हुए विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर फैल गई. कुछ दिनों बाद हादसा या साजिश, इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं. रोहित पवार ने तीन बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जांच की धीमी गति पर नाराजगी जताई तथा तकनीकी पहलुओं और संबंधित कंपनी को लेकर कई सवाल उठाए. इसी कड़ी में अजित पवार के पुत्र जय पवार ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ‘ब्लैक बॉक्स’ को लेकर शंका व्यक्त की. उन्होंने कहा कि विमान दुर्घटना में ब्लैक बॉक्स का पूरी तरह नष्ट हो जाना संभव नहीं है और जनता को पारदर्शी सत्य जानने का अधिकार है. साथ ही संबंधित विमान सेवा कंपनी पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी की गई.
इसी बीच सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि अजित पवार के आकस्मिक निधन से महाराष्ट्र स्तब्ध है और जनभावनाएं अभी भी तीव्र हैं. ऐसे समय में रोहित पवार अध्ययनपूर्वक मुद्दे उठा रहे हैं और जनता को उनके प्रश्नों के उत्तर मिलना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि यदि जांच में देरी हुई तो अस्वस्थता बढ़ेगी, इसलिए संपूर्ण सत्य पारदर्शी तरीके से सामने आना चाहिए. व्यवस्था से सवाल पूछना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है. सुले ने रोहित पवार की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थिति में उन्हें कड़ी सुरक्षा मिलना जरूरी है और इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार को लेनी चाहिए.
गौरतलब है कि हाल ही में रोहित पवार ने भी अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की थी. अजित पवार के निधन के बाद शुरू हुई यह चर्चा अब और संवेदनशील हो गई है. परिवार की शंकाएं, ब्लैक बॉक्स विवाद, जांच की गति पर सवाल और अब सुरक्षा की मांग – इन सबके बीच अब सबकी नजर जांच एजेंसियों की आगामी भूमिका पर टिकी है.

Back to top button