राज्य सरकार एक लाख टन प्याज मॉरीशस भेजेंगी

विधान परिषद में विपणन मंत्री रावल ने दी जानकारी

मुंबई /दि.10 राज्य सरकार एक लाख टन से अधिक प्याज मॉरीशस भेजेंगी. सोमवार को विधान परिषद में राज्य के विपणन मंत्री जयकुमार रावल ने यह जानकारी दी. रावल ने कहा कि, मेरी भारत में मॉरीशस की उच्चायुक्त शिलाबाई बप्पू से मुलाकात हुई है. उन्होंने मुझसे कहा है कि, मॉरीशस को बडे पैमाने पर प्याज की आवश्यकता है. इसलिए सरकार की ओर से मॉरीशस को एक लाख टन से अधिक प्याज भेजा जाएगा. सोमवार को सदन में शिवसेना (उद्धव) के विधायक सचिन अहिर ने नियम-93 के तहत प्याज उत्पादक किसानों का मुद्दा उठाया था.
जवाब में रावल ने बताया कि, पहले राज्य में केवल नाशिक, अहिल्यानगर में प्याज का उत्पादन होता था. पिछले 15 साल में मध्यप्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक प्याज का उत्पादन शुरु हो गया है. महाराष्ट्र के प्याज के लिए श्रीलंका और बंगलादेश बडा बाजार था. लेकिन पिछले 3 से 4 साल में श्रीलंका और बंगला देश ने प्याज की पैदावार शुरु की है. इसके साथ ही पाकिस्तान ने चीनी प्याज का उत्पादन शुरु कर दिया है. बंग्लादेश और पाकिस्तान ने महाराष्ट्र के प्याज के आयात को रोकने का काम किया है. मंत्री रावल ने बताया कि, राज्य में नाफेड और एनसीसीएफ के माध्यम से इस साल 5 लाख मिट्रीक टन प्याज खरीदी की जाएगी.

 

Back to top button