वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी तरह से सुरक्षित ट्रेन

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में दी जानकारी

नई दिल्ली/दि.21 – देश की आधुनिक ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी तरह सुरक्षित है और इसमें अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. आज लोकसभा में यह जानकारी देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे लगातार तकनीकी सुधार कर रहा है.
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वंदे भारत ट्रेनों में ‘कवच’ (ट्रेन कोलिजन अवॉयडेंस सिस्टम) जैसी उन्नत तकनीक लगाई जा रही है, जो ट्रेनों की टक्कर रोकने में सक्षम है. इसके अलावा ट्रेन में ऑटोमैटिक दरवाजे, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे और फायर सेफ्टी सिस्टम जैसे आधुनिक फीचर्स शामिल हैं. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वंदे भारत एक्सप्रेस को देश की बदलती परिवहन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है. यह ट्रेन न केवल तेज गति से यात्रा सुनिश्चित करती है, बल्कि यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित सफर का अनुभव भी प्रदान करती है.
अकोला संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद अनुप धोत्रे ने इस विषय को उठाते हुए यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिस पर रेल मंत्री ने विस्तृत जवाब दिया. रेल मंत्रालय के अनुसार, वंदे भारत ट्रेनों के संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाता है और समय-समय पर उनकी जांच भी की जाती है. आने वाले समय में देशभर में ऐसी और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की योजना है, जिससे रेल यात्रा और अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक बन सके.

Back to top button