रंगमंच और खेल संकुल करना है साकार

मनपा नेता सदन चेतन गावंडे का कहना

* प्रभाग-19 साई नगर में मूलभूत सुविधाओं पर बल
अमरावती /दि.27- मनपा नेता सदन और साई नगर प्रभाग-19 के नवनिर्वाचित बीजेपी नगरसेवक चेतन गावंडे ने सबसे पहले अपने प्रभाग के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता देने की बात कही. अमरावती मंडल से चर्चा दौरान गावंडे ने साई नगर प्रभाग में घोषित और सांस्कृतिक मंत्रालय द्वारा स्वीकृत भव्य रंगमंच अर्थात नाट्य संकुल और खेल संकुल को साकार करने का भी संकल्प दोहराया. उन्होंने कहा कि, अभ्यासिका बढाना है. ऑक्सीजन पार्क की देखभाल व मरम्मत नहीं हो रही है. उस पर भी ध्यान वे देंगे.
उल्लेखनीय है कि, चेतन गावंडे सतत दूसरी बार नगरसेवक बने हैं. उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में ही महापालिका के शिक्षा सभापति, स्थायी समिति सदस्य के साथ महापौर पद भी सुशोभित किया था. इस बार भी बीजेपी ने उन्हें गटनेता और इस हिसाब से नेता सदन मनोनीत किया है. चेतन गावंडे के परिवार में पिता विजयराव, माताजी रेखा गावंडे, पत्नी विधि गावंडे और पुत्री अधीरा है. उनकी बहन एड. ऋतुजा ठाकरे नवी मुंबई में परिणीत है.
* सीमावर्ती प्रभाग, मूलभूत सुविधाएं पर ध्यान
भाजपा के युवा नेता गावंडे ने कहा कि, साई नगर प्रभाग देखा जाये, तो शहर के सीमावर्ती क्षेत्र में है. नये लेआउट और कालोनी बनती जा रही है. वहां सडक, बिजली, पानी, नालियां की सुविधा उपलब्ध करानी होती है. इसके लिए लगातार काम करते हुए प्रभाग में स्वच्छता का वातावरण भी तैयार करना है. गत 4 वर्षों में कई सर्विस गलियां, एरिया, क्षेत्र सफाई से अछूते रह गये थे. अब मनपा के सभी जनप्रतिनिधि स्वच्छता को लेकर गंभीर है. पब्लिक की भी गंदगी से छूटकारा दिलाने की अपेक्षा और भारी डिमांड है. ऐसे में शनिवार को खास आमसभा भी इस मुद्दे पर बुलाई गई है. जिसमें सभी चर्चा करेंगे.
* नाट्य गृह करना है साकार
चेतन गावंडे ने बताया कि, साई नगर प्रभाग के लिए उन्होंने तुषार भारतीय के साथ मिलकर नाट्य गृह का बडा प्रोजेक्ट मंजूर करवाया है. अभी इसमे काफी कुछ बाकी है. यह प्रोजेक्ट साकार करने वे प्रयत्नशील होंगे. खेल संकुल भी इसमें शामिल है. यह प्रोजेक्ट साई नगर प्रभाग की कायपलट कर देगा.
* अभ्यासिका की उपलब्धि
चेतन गावंडे ने बताया कि, पिछले कार्यकाल में बनाई गई अभ्यासिका का युवक-युवतियों ने भरपूर सदुपयोग किया. आज भी करीब 100 लडके-लडकियां एमपएससी और यूपीएएसी की तैयारी कर रहे हैं. अधिकांश सफल हो गये हैं. इसलिए अभ्यासिका की संख्या बढाने पर उनका जोर है. मनपा नेता सदन ने बताया कि, अभी भी 100 से अधिक छात्र-छात्राएं अभ्यासिका के लिए वेटींग पर चल रहे हैं. स्पष्ट है कि, अभ्यासिका की आवश्यकता बढी है. इसलिए वे जगह तलाश रहे हैं. जहां अभ्यासिका स्थापित की जा सके.
* ओपन स्पेस होगा साफ-सुथरा
भाजपा नेता गावंडे ने कहा कि, साफ-सफाई पर निश्चित ही अधिक ध्यान दिया जाएगा. खासकर प्रभाग में जहां भी खुले प्लॉट और ओपन स्पेस है. वहां नियमित और अच्छे से सफाई होगी. इस ओर वे खास तौर से ध्यान देंगे. उल्लेखनीय है कि, चेतन गावंडे बीजेपी के साई मंडल सहप्रसिद्धि प्रमुख से लेकर मंडल प्रमुख, मंडल महासचिव, शहर जिला कार्यकारिणी में दो बार महामंत्री रह चुके हैं. उन्होंने तत्कालीन भाजपा शहर अध्यक्ष तुषार भारतीय और जयंत डेहनकर के साथ तालमेल रखकर काम किया. उसी प्रकार महापौर के रुप में कला महोत्सव का आयोजन किया. बायोमॉयनिंग और फिशरिज हब का काम उनके ही कार्यकाल में शुरु हुआ था. बेदाग छवि के नेता चेतन गावंडे की पहल से पीएम आवास योजना में मनपा राज्य में दूसरे क्रमांक पर रही थी. जब कम समय में 900 से अधिक आवास उपलब्ध कराये गये थे.

Back to top button