अमरावती में न्यायाधीशों के यहां हुई चोरी का मामला
सेंधमारों की तलाश में चार दल गठित

* पांच न्यायाधीश समेत चार कर्मचारियों के घर में लगाई सेंध
* तीन चोर सीसीटीवी में कैद
* गाडगे नगर और क्राईम ब्रांच पुलिस जुटी जांच में
अमरावती/दि.16- शहर के कांतानगर परिसर स्थित न्यायाधीशों के अधिकृत आवास में आधी रात को हुई चोरी की सनसनीखेज घटना से पूरे शहर में खलबली मच गई है. नलदमयंती तथा शहानुर अपार्टमेंट में अज्ञात चोरों ने घुसकर पांच न्यायाधीशों और चार न्यायालयीन कर्मचारियों के घरों में चोरी करते हुए लाखों रुपये का कीमती सामान पार कर लिया. घटना को अंजाम देने के बाद वहां से भागते समय तीन चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं. इस घटना से पुलिस महकमें में हडकंप मच गया है. शातिर चोरों की तलाश के लिए क्राईम ब्रांच के दो और गाडगे नगर थाने के दो दल ऐसे कुल चार दल मामले की जांच में जुट गए हैं.
जानकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार की देर रात उस समय हुई जब कुछ न्यायाधीश अपने परिवार सहित शहर से बाहर गए हुए थे. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से अपार्टमेंट में प्रवेश किया और एक-एक कर कई फ्लैटों को निशाना बनाया. चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि घटना के समय परिसर में पुलिस बंदोबस्त भी तैनात था.बताया जा रहा है कि चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती वस्तुएं चुरा लीं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे.घटनास्थल का पंचनामा कर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. अपराध शाखा और स्थानीय गाडगेनगर पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं. पुलिस को संदेह है कि चोरी की यह वारदात पूरी योजना के तहत की गई है और इसमें पेशेवर गिरोह का हाथ हो सकता है. इस संबंध में उपायुक्त गणेश शिंदे ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही शहर में एक सुवर्णकार से लूट की घटना सामने आई थी, और अब न्यायाधीशों के सरकारी आवास में चोरी होने से कानून-व्यवस्था को लेकर नागरिकों में चिंता का माहौल है. न्यायिक अधिकारियों के आवास पर ही चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं. पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है. वहीं, इस घटना के बाद न्यायाधीशों और न्यायालयीन कर्मचारियों में भी असुरक्षा की भावना देखी जा रही है.
* बंद मकान को बनाया निशाना
शातिर चोरों ने अपार्टमेंट में प्रवेश कर बंद मकानों को निशाना बनाने के पूर्व जिस फ्लैट में अन्य न्यायाधीश और उनका परिवार मौजूद था, उन फ्लैट को पहले बाहर से बंद कर दिया. पश्चात बंद मकानों को निशाना बनाया. साथ ही न्यायालयीन कर्मचारियों के चार मकानों में भी सेंध लगाई.
* घटनास्थल के आसपास फुटेज खंगालना शुरू
पुलिस प्रशासन के सामने अब इन सेंधमारों तक पहुंचना चुनौती हो गया हैं. घटना को अंजाम देने के बाद भागते समय तीन चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं. इसमें आरोपियों की संख्या अधिक रहने की संभावना भी हैं. गाडगे नगर और क्राईम ब्रांच का दल संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटा हुआ हैं और घटनास्थल समेत आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया हैं.
* पुलिस रिकॉर्ड पर रहे सेंधमारों की कुंडली निकालना शुरू
इस सनसनीखेज चोरी के प्रकरण का सुराग लगाने के लिए पुलिस हर पहलुओं पर बारिकी से ध्यान दे रही हैं. शहर के कुख्यात सेंधमार और पुलिस रिकॉर्ड पर रहे बदमाशों की कुंडली निकालना शुरू किया गया हैं. अब देखना है, पुलिस आरोपियों को पकडने में सफल होती है अथवा नहीं.





