अलहीलाल कॉलोनी के बंद मकान में लाखों की चोरी
गाडगेनगर थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/ दि.31 – गाडगेनगर थाना क्षेत्र के अलहीलाल कॉलोनी के बंद मकान में शातिर चोर ने सेंध लगाकर सोने के आभूषण व नकद राशि समेत कुल 3 लाख 98 हजार 360 रूपए का माल चुरा लिया. पुलिस ने घरफोडी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.
जानकारी के मुताबिक अलहीलाल कॉलोनी निवासी जमील बेग अनीफ बेग (53) नामक व्यक्ति 26 मार्च को अपने परिवार के साथ घर को ताला लगाकर पांढरकवडा किसी रिश्तेदार के यहां विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गये थे. सोमवार 30 मार्च को दोपहर 1 बजे के दौरान वे घर लौटे तब उन्हें घर के दरवाजे का ताला टुटा हुआ नजर आया. भीतर जाकर देखा तो उन्हें घर का सामान सारा अस्तव्यस्त पडा दिखाई दिया. बेडरूम की अलमारी में से नकद 1 लाख 75 हजार रूपए और 44.5 ग्राम सोने के आभूषण समेत 3 लाख 98 हजार 360 रूपए का माल गायब था. घर में चोरी होने का पता चलते ही उन्होंने तत्काल गाडगेनगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर वहां का जायजा लिया. डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालना शुरू किया है. घरफोडी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है.