सराफा में नहीं खास उत्साह, उपकरणों की खरीददारी की धूम

गुरुवार को गुढी पाडवा

* बाजार को मुहूर्त खरीदी की आशा
* बिल्डर्स और डेवलपर्स भी कर रहे प्रोजेक्ट रिलॉन्च
अमरावती/दि.16 – गुढी पाडवा अर्थात हिंदू नववर्ष दो दिनों बाद मनाया जाना है. ऐसे में अंबानगरी की बात करें तो खाडी युद्ध के कारण कीमती धातुओं के दाम बढने की पूरी संभावना के बावजूद स्थानीय सराफा मार्केट में अपेक्षित चहल पहल नहीं दिखाई पड रही. किंतु घरेलू उपकरणों से लेकर अन्य जिन्सों, कपडे और साजो सामान के शोरुर्म्स में बढिया ग्राहकी हो रही है. मार्केट के जानकार यह जानकारी देते हुए बता रहे हैं कि, रमजान ईद करीब आने से भी कपडा से लेकर बर्तनों, उपकरणों, घरेलू सजावत के सामान की विक्री जोरदार हो रही है. इन वस्तुओं पर दाम के घट-बढ का विशेष असर नहीं है. किंतु सराफा बाजार में ही खास उत्साह नहीं देखा जा रहा.
* फ्रीज, टीवी, एसी की विक्री जमकर
उपकरणों के प्रमुख शोरुम्स बाहेती एंटरप्राइजेस, मुरली इलेक्ट्रॉनिक्स, केडिया टे्रडर्स, मॉडर्न ट्रेडिंग कंपनी, पूनम इलेक्ट्रॉनिक्स में जोरदार ग्राहकी देखी जा रही है. सुबह और शाम उपकरणों की खरीददारी के लिए ग्राहक उमड रहे हैं. बढती गर्मी के कारण जहां एसी और रेफ्रिजरेटर खरीदने वालों की होड देखी जा रही है. वहीं कई परिवारों ने गुरुवार 19 मार्च को डिलीवरी लेने की खातिर आज ही बुकिंग करवा ली है. सैकडों की संख्या में रोजाना एसी और फ्रीज की डिलीवरी होने की जानकारी शोरुम संचालक नीरज केडिया ने दी. उन्होंने बताया कि, आईपीएल का सीजन शीघ्र शुरु होने वाला है. भारत के टी-20 विश्व कप जीतने के कारण इस बार आईपीएल में भी खेल प्रेमी उत्साहित लग रहे हैं. अत: नई रेंज की टीवी सेट और विशाल स्क्रीन एलसीडी की मांग बनी हुई है. आगे यह डिमांड आईपीएल के परवान चढते बढने की संभावना निखिल बाहेती ने व्यक्त की. वे बाहेती एंटर प्राइजेस के संचालक है.
* कपडा शोरुम फुल, रमजान की खरीददारी चरम पर
शहर के जवाहर रोड से लेकर नागपुर रोड के बिजीलैंड तक सभी प्रमुख कपडा शोरुम इन दिनों ग्राहकों से लबालब है. रमजान माह के पूर्ण होते आने से ग्राहकी में उछाल आया है. ईद से पहले घर के सभी सदसयों के लिए नये कपडों की चाहत पूर्ण की जा रही है. फलस्वरुप रविवार को भी कई शोरुम्स खुले रहे और वहां जमकर ग्राहक अपनी पंसद के परिधान खरीदने में अव्वल रहे. फिर वह आराधना हो या श्रद्धा साडिज अथवा सेजल. इसके अलावा एस. मनोहरलाल, मंगल वस्त्रालय, राज रसिक, राजधानी, सामरा वल्ड सभी प्रमुख शोरुम में कपडे पसंद करने वालों की भीड देखी गई. बडी कंपनियों के शोरुम्स में भी ग्राहकी रविवार के बावजूद तेज नजर आयी. मोटे तौर पर अंदाजा किया गया कि, इस रविवार ही अमरावती में करीब 2 करोड के परिधानों की सेल हुई है. कई लोग अंदाज भी बता रहे हैं.
* बिल्डर्स को भारी बुकिंग की आशा
गुढी पाडवा का अनपूछा मुहूर्त नये घर, आफिस, शॉप की खरीददारी के लिए शुभ माना जाता है. जिससे शहर के प्रापर्टी ब्रोकर्स प्रापर्टी में खरीददारी की अपेक्षा कर रहे हैं. वित्त वर्ष के लगभग अंत में आने से हिंदू नववर्ष के पहले दिन अपने नये घर, फ्लैट, शॉप अथवा ऑफिस स्पेस की खरीदारी के लिए पूछ परख बढी है. जिससे बिल्डर्स को फ्लैट और शॉप्स के साथ नये रो-हाउसेस, मकानों, प्लॉट्स की बिक्री अथवा बुकिंग भारी मात्रा में होने की उम्मीद जागी है. शहर के कई बिल्डर्स से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि, वित्त वर्ष के अंत में इस बार विक्री बढने के पूरे चान्स है. क्योंकि 1 अप्रैल से रेडीरेकनर के रेट भी बढने की संभावना है. उन्होंने बताया कि, कई प्रोजेक्ट रिलॉन्च किये जा रहे हैं.
* वाहनों की डिलीवरी, ई-वाहनों में बढा रुझान
वाहन विक्रेताओं से चर्चा की तो उन्होंने अमरावती मंडल को बताया कि, गुढी पाडवा पर हमेशा की तरह इस बार भी सैकडों दुपहिया और फोरविलर्स की डिलीवरी होनी है. बुकिंग अच्छे प्रमाण में हो रही है. साथ ही इस बार लोगों का रुझान इलेक्ट्रीक वाहनों में बढता दिखाई दे रहा है. शहर में ई-वाहनों की नई रेंज, नये डीलर्स ले आये हैं, जो भारी विक्री का अंदाज व्यक्त कर रहे हैं. उनका यह भी मानना है कि, विश्व में युद्ध के कारण पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में बढोत्तरी की आशंका से लोग कार हो या टूविलर इलेक्ट्रीक वाहनों की ओर बढ रहे हैं. इस बार अमरावती में कम से कम 500 ई-वाहन सडकों पर बढेंगे.
* सराफा में मुहूर्त खरीदी की आशा
सोने के दाम प्रति तोला 1 लाख 62 हजार रुपए हो जाने और चांदी भी 2 लाख 70 हजार रुपए प्रति किलो हो जाने से स्थानीय सराफा मार्केट में गुढी पाडवा पर केवल मुहूर्त खरीदी की आशा बतायी जा रही है. सराफा के पदाधिकारियों और मार्केट तज्ञों ने बताया कि, वैवाहिक सीजन थोडा ठंडा हो गया है. ऐसे में गुरुवार 19 मार्च को गिनती के लोग ही मुहूर्त और मान्यता के कारण थोडी मात्रा में सोना-चांदी खरीदने के लिए आने की उम्मीद है. इसके लिए गोफ, बदाम ठप्पा अंगूठी, चपला कंठी, मोतीचूर अंगूठी तैयार रखी जा रही है.
* शोरुम में बुकिंग काफी
दूसरी ओर सराफा से इतर शहर के बडे ज्वेलरी शोरुम जोरदार ग्राहकी खासकर पाडवा बुकिंग का दावा कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि, आभूषणों सहित 24 कैरेट गोल्ड बिस्किट और सिक्के की काफी डिमांड और बुंकिग हो चुकी है. गुरुवार को अच्छे मुहूर्त में यह डिलीवरी ग्राहक लेने पहुंचेंगे. दाम की चर्चा की, तो स्थानीय मार्केट में बगैर जीएसटी सोना 1 लाख 60 हजार प्रति 10 ग्राम होने की जानकारी दी गई. बाजार भाव के हिसाब से लेनदेन होगा.

Back to top button