हमारी होटल के बगल में ही हुआ है विस्फोट

घबराए मराठी पर्यटकों ने सरकार से लगाई खुद को बचाने की गुहार

* वाशिम का रिसोड निवासी मराठी परिवार अटका हुआ है दुबई में
* घूमने-फिरने के लिहाज से निर्बान परिवार पहुंचा था दुबई
वाशिम/मुंबई/दि.2 – मध्यपूर्व में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के बीच विदेशों में फंसे भारतीय पर्यटकों की चिंता बढ़ गई है. महाराष्ट्र के वाशिम जिले के रिसोड निवासी एक मराठी परिवार ने दुबई में धमाके की घटना के बाद सरकार से जल्द भारत वापस लाने की भावुक अपील की है. पर्यटकों का कहना है कि उनके होटल के पास स्थित मेट्रो स्टेशन के नजदीक विस्फोट होने से भय का माहौल बन गया है और वे बेहद डरे हुए हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रिसोड निवासी भगवान निर्बान, उनकी पत्नी पदमाबाई निर्बान, पुत्र पवन निर्बान तथा पुत्रवधू नंदा निर्बान 24 फरवरी को पर्यटन के उद्देश्य से पुणे से दुबई पहुंचे थे. उनका पांच दिवसीय दौरा पूरा होने के बाद 28 फरवरी को आबूधाबी से पुणे लौटने का टिकट आरक्षित था, लेकिन अचानक क्षेत्र में बढ़े तनाव और सुरक्षा कारणों से कई उड़ान सेवाएं प्रभावित होने के कारण उनका लौटना फिलहाल संभव नहीं हो पाया है. परिवार ने बताया कि होटल के समीप हुए विस्फोट के बाद से वहां दहशत का माहौल है. भारत लौटने का कोई स्पष्ट मार्ग नहीं होने से उनकी चिंता लगातार बढ़ रही है. इधर रिसोड में मौजूद उनके परिजन भी काफी चिंतित हैं और राज्य व केंद्र सरकार से शीघ्र सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं.
* मराठवाड़ा के भी 34 यात्री हैं फंसे हुए
जानकारी के मुताबिक मध्यपूर्व क्षेत्र में बढ़े सैन्य तनाव के कारण कई आखाती देशों के हवाई क्षेत्र पर असर पड़ा है. इससे भारत सहित विभिन्न देशों के पर्यटक वहां फंस गए हैं. मराठवाड़ा क्षेत्र के लगभग 34 यात्री भी अलग-अलग देशों में रुके हुए हैं. प्रशासन के अनुसार सभी भारतीय नागरिक फिलहाल सुरक्षित हैं तथा उनकी वापसी के लिए आवश्यक समन्वय किया जा रहा है. इस बीच महाराष्ट्र सरकार ने विदेशों में रह रहे राज्य के नागरिकों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है. सरकार ने कहा है कि सभी नागरिक स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावास द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत दूतावास की हेल्पलाइन से संपर्क करें. राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और केंद्र सरकार तथा संबंधित भारतीय दूतावासों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

Back to top button