इस बार जवाहर गेट से टांगा पडाव के बीच नहीं सजा ईद का मीना बाजार
चित्रा चौक-नागपुरी गेट फ्लाईओवर का काम जारी रहने के चलते पुलिस ने नकारी अनुमति

* जमील कॉलोनी के ग्राउंड पर इस वर्ष मीना बाजार लगाने की तैयारी
अमरावती/दि.16 – प्रतिवर्ष माहे रमजान के दौरान स्थानीय जवाहर गेट से टांगा पडाव के बीच ईद के पर्व के मद्देनजर मीना बाजार लगाया जाता था. जिसे इस वर्ष इस रास्ते पर लगाने की अनुमति स्थानीय प्रशासन व पुलिस विभाग द्वारा नहीं दी गई है. जिसके चलते इस बार जमीन कॉलोनी परिसर में मीना बाजार लगाने की तैयारी की गई है.
बता दें कि, इस समय चित्रा चौक से नागपुरी गेट होते हुए पठान चौक व वलगांव रोड की ओर जानेवाले फ्लाईओवर का काम तेज गति के साथ किया जा रहा है. जिसके चलते इस रास्ते पर प्रशासन द्वारा पुलिस का सहयोग लेते हुए सभी तरह के वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित किया गया है. साथ ही टांगा पडाव से जवाहर गेट होते हुए गांधी चौक की ओर जानेवाली सडक को पर्यायी मार्ग के तौर पर उपलब्ध कराया गया है. ऐसे में यदि इस रास्ते पर मीना बाजार लगाते हुए इस सडक को भी वाहनों की आवाजाही के लिहाज से बंद कर दिया जाता, तो इस परिसर में यातायात को लेकर काफी गंभीर समस्या पैदा हो सकती थी. जिसे ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस सहित शहर पुलिस प्रशासन ने इस वर्ष टांगा पडाव से जवाहर रोड की ओर जानेवाली सडक पर मीना बाजार लगाने की अनुमति नहीं दी, बल्कि इसे इस वर्ष कहीं अन्य स्थापित करने का सुझाव दिया.
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं कांग्रेस के प्रदेश सचिव आसिफ तवक्कल के नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय के व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल हाल ही में सिटी कोतवाली एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों से मिला. जिनसे चर्चा करते हुए प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी माहे रमजान के अंतिम चरण में ईद के पर्व की आमद को देखते हुए जवाहर रोड से टांगा पडाव की ओर आनेवाली सडक पर मीना बाजार लगाने हेतु अनुमति दिए जाने की मांग की गई. लेकिन शहर पुलिस की प्रभारी सहायक आयुक्त रिता उईके तथा सिटी कोतवाली के थानेदार मनोहर कोटनाके ने इस प्रतिनिधि मंडल को यह कहते हुए अनुमति देने से इंकार कर दिया कि, फिलहाल चित्रा चौक से नागपुरी गेट की ओर जानेवाले फ्लाईओवर का काम चल रहा है और यह फ्लाईओवर टांगा पडाव चौक के उपर से ही होकर गुजरता है. यह पूरा इलाका पहले ही काफी अधिक भीडभाड वाला रहता है. जहां पर वाहनों की आवाजाही को पहले ही प्रतिबंधित किया गया है तथा टांगा पडाव से जवाहर गेट की ओर जानेवाली सडक को पर्यायी मार्ग के तौर पर उपलब्ध कराया गया है. जहां पर मीना बाजार लगाने की अनुमति देते हुए उस सडक को आवाजाही के लिहाज से बंद करने की अनुमति नहीं दी जा सकती. ऐसे में इस वर्ष ईद के पर्व निमित्य किसी अन्य खुली जगह पर मीना बाजार लगाए जाने के पर्याय पर विचार किया जाना चाहिए. पुलिस अधिकारियों के साथ हुई इस चर्चा के बाद मीना बाजार प्रबंधन कमिटी ने इस वर्ष जमील कॉलोनी परिसर स्थित मैदान पर ईद के पर्व निमित्य मीना बाजार लगाने का निर्णय लिया. जिसके चलते जमीन कॉलोनी परिसर में मीना बाजार लगाने की तैयारियां करनी शुरु की गई.





