निजी डेटा चुराकर शारीरिक संबंध की धमकी

मोबाइल हैक कर महिला को किया ब्लैकमेल

* वीडियो कॉल पर कपड़े उतारने को किया मजबूर
* आरोपी फरार, सरगर्मी से तलाश जारी
बुलढाणा/दि.13- जिले में साइबर अपराध का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने महिला का मोबाइल हैक कर उसका निजी डेटा चुरा लिया और उसे ब्लैकमेल करते हुए वीडियो कॉल पर कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया. इसके बाद आरोपी ने महिला को शारीरिक संबंध बनाने की धमकी भी दी. इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय पीड़ित महिला का मोबाइल आरोपी ऋषिकेश गिरी (27) ने अवैध तरीके से हैक कर लिया. मोबाइल हैक करने के बाद आरोपी ने महिला के व्हाट्सऐप चैट, गैलरी, ई-मेल, फोटो और वीडियो जैसे निजी डेटा तक पहुंच बना ली. इसके बाद उसने महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. जिसके बाद आरोपी ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह उसके निजी फोटो और वीडियो उसके पति और रिश्तेदारों को भेजकर बदनाम कर देगा. इसी दबाव में आरोपी ने महिला को वीडियो कॉल पर कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया और पूरी घटना की स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी कर ली. इतना ही नहीं, आरोपी ने यह रिकॉर्डिंग महिला की बहन को भी भेज दी और बाद में महिला को धमकाते हुए कहा कि यदि उसने उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाए तो उसे जान से मार दिया जाएगा.
लगातार हो रहे इस मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर महिला ने आखिरकार सोनाला पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी ऋषिकेश गिरी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. इस घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल और सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें.

Back to top button