युकां उपाध्यक्ष पर हमला करनेवाले तीन आरोपी गिरफ्तार

आरोपियों में दो नाबालिगों का समावेश, राजापेठ पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.5- रंगपंचमी के दिन राजापेठ थाना क्षेत्र के माधव लॉन में अपने परिवार के साथ रंगोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने गए तब तीन युवकों ने बेवजह युवक कांग्रेस के शहर उपाध्यक्ष स्वप्नील प्रभाकर साव (38) के साथ विवाद कर खुद को सीताराम गैंग का सदस्य बताते हुए चाकू दिखाकर धमकाते हुए मारपीट करने का प्रयास किया. इस प्रकरण में फरार तीनों आरोपियों को राजापेठ पुलिस के दल ने नांदगांव पेठ थाना र्क्षेत्र के वडगांव माहोरे से कब्जे में ले लिया. कब्जे में लिए गए इन आरोपियों में दो नाबालिगों का समावेश है. जबकि एक अन्य आरोपी का नाम शिवशक्ति नगर निवासी उज्वल प्रकाश भोयर (18) हैं.
जानकारी के मुताबिक 3 मार्च को यशोदा नगर चौक निवासी स्वप्नील प्रभाकर साव दोपहर 2 बजे के दौरान माधव लॉन में परिवार के साथ धुलीवंंदन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे. अपरान्ह 4 बजे वे गेट के पास गए तब कुछ युवक आपस में विवाद कर हाथ में पत्थर लेकर एक दूसरे से मारपीट कर रहे थे. स्वप्नील ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. तब युवकों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि हमे पहचानता नहीं क्या, हम सीताराम गैंग के सदस्य हैं. एक काले रंग की टी-शर्ट पहने युवक ने चाकू निकाला और स्वप्नील की तरफ दौड पडा. तब स्वप्नील अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागा तब संतुलन बिगडने से पैर फिसल गया और उसके पैर पर गंभीर चोटे आ गई. लॉन में उपस्थित दोस्तों ने स्वप्नील को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती किया. पश्चात राजापेठ थाने में शिकायत दर्ज की गई. पुलिस ने विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. थानेदार पुनीत कुलट के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मिलींद हिवरे, हेड कांस्टेबल सागर सरदार, पवन तिवारी, दिनेश भिसे के दल ने मिली जानकारी के आधार पर शिवशक्ति नगर निवासी उज्वल भोयर और वडगांव माहोरे के दो नाबालिगों को कब्जे में लेकर घटना में इस्तेमाल एमएच 27-एपी- 3425 क्रमांक की निले रंग की स्प्लेंडर और चाकू जप्त कर लिया. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही हैं.

Back to top button