शहर में एक ही दिन के दौरान तीन ‘हाफ मर्डर’

4 लोगों पर चाकू से किया गया जानलेवा हमला

* 3 अलग-अलग थाना क्षेत्र की घटनाएं
अमरावती/दि.24 – विगत 24 घंटे के दौरान अमरावती शहर के तीन अलग-अलग पुलिस थाना क्षेत्रों में ‘हाफ मर्डर’ यानि जानलेवा हमले व हत्या के प्रयास की तीन घटनाएं घटित हुई. जिनमें चाकू से वार कर तीन लोगों को गंभीर रुप से घायल किया गया. यह तीनों घटनाएं गाडगे नगर, फ्रेजरपुरा व नांदगांव पेठ पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत घटित हुई है.
जानकारी के मुताबिक गाडगे नगर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत संतोषी नगर परिसर में पुरानी रंजिश के चलते मयूर किशोर सोलंके (20, हनुमान मंदिर के पास, खत्री कॉम्प्लेक्स) को घेरकर 2 से 3 लोगों ने उस पर चाकू से सपासप वार किए. हमलावरों के नाम सुनील विष्णु राठोड और अनूप बताए गए है. जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है. यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि, इस जानलेवा हमले में घायल मयूर सोलंके पर पहले से कई अपराधिक मामले दर्ज है. जिसके चलते उसे पुलिस ने अमरावती शहर से तडीपार कर रखा है. लेकिन इसके बावजूद वह तडीपारी के आदेश का उल्लंघन करते हुए अमरावती शहर में ही घूम रहा था और आज जानलेवा हमले का शिकार हुआ. जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
वहीं दूसरी ओर नांदगांव पेठ पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत विशाल राजपूत एवं प्रथमेश नामक दो युवकों पर कुछ अज्ञात लोगों ने धारदार चाकूओं से लैंस होकर जानलेवा हमला किया और दोनों को गंभीर रुप से घायल कर दिया. यह घटना नांदगांव पेठ पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत गुणवंत वाडी परिसर में घटित हुई. जिसके पीछे प्रेमप्रकरण को मुख्य वजह बताया जा रहा है. नांदगांव पेठ पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इसके अलावा हत्या के प्रयास की तीसरी घटना फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत यशोदा नगर परिसर में घटित हुई. जहां पर राहुल धर्माले ने अपने अंशू व यश नामक दो दोस्तों के साथ मिलकर किसन दिवाकर (27, यशोदा नगर) नामक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करते हुए उसे ेबुरी तरह घायल कर दिया. पता चला है कि, आरोपियों की किसन के भाई से किसी बात को लेकर दिक्कत व दुश्मनी चल रही थी. ऐसे में सभी आरोपी किसन के भाई पर हमला करने के लिहाज से पहुंचे थे. लेकिन उस वक्त किसन का भाई नहीं मिला, तो आरोपियों ने किसन पर ही हमला कर दिया. इस हमले में बुरी तरह घायल किसन को इलाज के लिए जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. तीनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस द्वारा जांच की जा रही है.

Back to top button