नशाखोरी के लिए पैसे देनेवाले तीन फाइनांसर डीआरआई के रडार पर

तीनों संदिग्धों की निकाली जा रही हैं विस्तृत कुंडली

* नागपुर का दल शनिवार से ही था अमरावती में
अमरावती/दि.2- डीआरआई के दल ने शहर में युवाओं को लतखोरी से बचाने के लिए एमडी ड्रग्स तस्करी करनेवालों का रविवार को बडी कार्रवाई कर पर्दाफाश किया. लेकिन इस ड्रग्स व्यवसाय के लिए इतनी भारी मात्रा में पैसा उपलब्ध करानेवाले तीन फाइनांसर अब डीआरआई दल के रडार पर हैं. इन तीनों फाइनांसरों की अब कुंडली तैयार की जा रही हैं, ऐसी सूत्रों से जानकारी मिली हैं. यह भी पता चला है कि नागपुर डीआरआई का दल शनिवार से ही अमरावती में था.
जानकारी के मुताबिक नागपुर डीआरआई के तीन दल शनिवार 31 जनवरी को ही अमरावती पहुंच गए थे. इन तीनों दल का नेतृत्व गौरव मेश्राम कर रहे थे. पश्चात रविवार को डीआरआई के दलों ने दोपहर से अपनी कार्रवाई शुरू की. सूत्रों के मुताबिक इस दल ने नवसारी परिसर के किसी फ्लैट पर नहीं बल्कि वहां के एक ढाबे पर छापा मारकर तीन लोगों को पकडा और उनके वाहन से मेफेड्रॉन (एमडी) बरामद किया. इन तीनों को पकडकर नवसारी के जीएसटी भवन ले आए. वहां हुई पूछताछ के बाद एक अन्य को बाद में कब्जे लिया गया. सूत्रों के मुताबिक इस एमडी ड्रग्स तस्करी के कनेक्शन मुंबई से दिख रहने हैं. डीआरआई के दल ने इस छापे में 4 किलो 900 ग्राम एमडी जब्त किए जाने की पुष्टि की हैं. जिसकी किमत 7 करोड 35 लाख रुपए हैं. पुलिस ने ढाबे पर जब छापा मारा तब फैजल खान उर्फ गोलू और अवेज अहमद समेत एक अन्य दबोचा गया. अब एमडी ड्रग्स का अवैध व्यवसाय करने के लिए इन लोगों को इतनी भारी मात्रा में पैसा कौन उपलब्ध करा रहा हैं? पर्दे के पीछे इस अवैध ड्रग्स व्यवसाय के लिए शहर के कौनसे फाइनांसर सहयोग कर रहे हैं? इस बाबत जानकारी ली जा रही हैं. सूत्रों के मुताबिक नागपुर डीआरआय दल के रडार पर शहर के तीन फाईनांसर हैं. उनकी पूरी कुंडली निकाली जा रही है और उनकी हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही हैं. नागपुर डीआरआय का दल आगामी दिनों में अमरावती में और भी कार्रवाई कर सकता है, ऐसी संभावना सूत्रों ने जताई हैं.
अमरावती पुलिस भी जुटी जांच में
सूत्रों के मुताबिक अमरावती क्राइम ब्रांच के दल ने दिसंबर 2025 में 70 ग्राम एमडी बरामद किया था. उस समय इस एमडी प्रकरण में फैजल खान उर्फ गोलू और अवेज अहमद आरोपी थे. लेकिन उस समय यह दोनों आरोपी फरार हो गए थे और उन्होंने न्यायालय से अग्रिम जमानत प्राप्त कर ली थी. अब अमरावती पुलिस यह देख रही है कि इन ड्रग्स तस्करों को पैसों की व्यवस्था कौन करता है और कहां से होती आयी है. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि इन आरोपियों के किन-किन लोगों से संपर्क हैं.

Back to top button