विश्व महिला दिवस पर ‘डफरीन’ में तीन कन्याओं ने लिया जन्म

घर में ‘लक्ष्मी’ का आगमन होने से हर्षाए तीनों परिवार

अमरावती/दि.9 – कल रविवार 8 मार्च को जहां एक तरफ हर ओर बडे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा था. वहीं दूसरी ओर गत रोज ही विश्व महिला दिवस के अवसर पर स्थानीय जिला स्त्री अस्पताल यानि डफरीन हॉस्पिटल में तीन कन्याओं ने जन्म लिया. जिसके चलते डफरीन अस्पताल में विश्व महिला दिवस को लेकर एक अलग ही उत्साह दिखाई दिया. खास बात यह रही कि, जिन तीन गर्भवती महिलाओं ने प्रसूति पश्चात बेटियों को जन्म दिया, उन तीनों महिलाओं के परिवारों में भी बेटियों के रुप में ‘लक्ष्मी’ का आगमन होने को लेकर जबरदस्त खुशी दिखाई दी और उन परिवारों ने भी अपने घर में कन्या का आगमन होने का बडे हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया.
बता दें कि, किसी समय समाज में बेटियों की पैदाईश को लेकर जबरदस्त नकारात्मक मानसिकता दिखाई देती थी और कन्या भ्रूणहत्या जैसी घटनाएं भी घटित हुआ करती थी. परंतु सरकार एवं प्रशासन सहित सामाजिक संगठनों द्वारा जनजागरुकता हेतु किए गए प्रयासों की बदौलत अब समाज की मानसिकता में काफी बदलाव आया है. जिसके चलते अब कई परिवारों द्वारा बेटियों की पैदाईश का बडे हर्षोल्लास के स्वागत किया जाता है और परिवार में बेटी का जन्म होने पर खुशियां मनाई जाती है. विशेष उल्लेखनीय है कि, बेटियां भी इन दिनों अपने परिवार के आधार, समाज की शक्ति और देश की प्रगति में सशक्त भागीदारी निभा रही है. साथ ही साथ शिक्षा, क्रीडा, प्रशासन एवं विज्ञान व अनुसंधान जैसे विविध क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना रही है. जिसे देखते हुए भी समाज में अब कन्या जन्म को लेकर मानसिकता में जबरदस्त व सकारात्मक बदलाव आया है.
जानकारी के मुताबिक गत रोज जिला स्त्री अस्पताल में 5 गर्भवती महिलाओं की प्रसूति हुई. इसमें से तीन गर्भवती महिलाओं ने कन्यारत्न को जन्म दिया. जिसके बाद जिला स्त्री अस्पताल के डॉक्टरों, परिचारिकाओं व कर्मचारियों ने उन तीनों नवप्रसूता माताओं का अभिनंदन करते हुए तीन नवजात बेटियों की पैदाईश का स्वागत कर खुशिया मनाई. महिलाओं के सम्मान हेतु मनाए जानेवाले विश्व महिला दिवस वाले दिन ही जिला स्त्री अस्पताल में तीन बेटियों का जन्म होना एक सुंदर योगायोग साबित हुआ. जिसकी पूरे अस्पताल में जबरदस्त खुशी दिखाई दी.
* कल रविवार 8 मार्च को शाम 6 बजे तक जिला स्त्री अस्पताल में 5 महिलाओं की प्रसूति हुई. जिसमें से 3 सीजेरियन व 2 नॉर्मल प्रसूति के जरिए तीन बेटियों व दो बेटों का जन्म हुआ. गत रोज विश्व महिला दिवस के अवसर पर जिला स्त्री अस्पताल में तीन बेटियों का जन्म होना अपने-आप में एक सुंदर व सुवर्ण योग रहा.
– डॉ. विनोद पवार
जिला शल्य चिकित्सक, अमरावती.

Back to top button