हनुमान चालीसा के जरिए हिंदुओं को बनाया जाएगा स्वस्थ व समर्थ
डॉ. प्रवीण तोगडिया का ऐलान, हिंदू हेल्पलाइन की घोषणा

अमरावती /दि.13- अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के अध्यक्ष तथा प्रखर हिंदुत्ववादी नेता डॉ. प्रवीण तोगडिया द्वारा आज अपने अमरावती दौरे के तहत बुलाई गई पत्रवार्ता में घोषणा की गई कि, सामूहिक हनुमान चालीसा के पठन का चलन बढाते हुए हिंदुओं को संगठित करने के साथ-साथ स्वस्थ व समर्थ बनाने का एक बेहद अनूठा अभियान उनके द्वारा शुरु किया गया है. जिसके तहत हनुमान चालीसा केंद्रों को हिंदू स्वास्थ्य केंद्र यानि हिंदू वेलनेस सेंटर बनाने के साथ ही हिंदू हेल्पलाइन भी शुरु की जा रही है.
शहर के ख्यातनाम वरिष्ठ समाजसेवी चंद्रकुमार उर्फ लप्पी जाजोदिया के निवास पर बुलाई गई इस पत्रवार्ता में डॉ. प्रवीण तोगडिया ने बताया कि, भारत के सभी गांवों व शहरों में प्रति सप्ताह मंगलवार व शनिवार को सामूहिक हनुमान चालीसा पठन का उन्होंने आवाहन किया है. जिसके तहत अमरावती शहर में सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ हेतु 101 हनुमान चालीसा पठन केंद्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है. ऐसे केंद्रों में प्रति सप्ताह हनुमान चालीसा का पठन करने के साथ ही पाठ में शामिल होनेवाले लोगों द्वारा एक मुठ्ठी अनाज का दान किया जाएगा और इस जरिए संकलित होनेवाले अनाज का स्थानीय स्तर पर ही जरुरतमंदों में वितरण किया जाएगा तथा सभी हनुमान चालीसा केंद्रों को हिंदू स्वास्थ्य केंद्र यानि हिंदू वेलनेस सेंटर में तब्दील करते हुए लोगों को रोगमुक्त रहने हेतु 15 तरह की लाइफ स्टाइल ट्रेनिंग दी जाएगी. क्योंकि इस समय देश में पार्किंसन के 25 करोड तथा डायबिटीज के 40 करोड से अधिक मरीज है. जिनकों आगे चलकर लकवा, हृदयाघात व ब्रेन हैमरेज होने का भी खतरा है. ऐसे में समय रहते लोगों को इन बीमारियों से बचाए जाने हेतु हिंदू वेलनेस सेंटरों की शुरुआत की जा रही है. जिसके चलते आगामी समय में देश का कोई भी हिंदू भुखा नहीं रहेगा तथा समृद्ध हिंदू, सुरक्षित हिंदू व सम्मानित हिंदू की संकल्पना साकार होंगी.
इसके साथ ही डॉ. प्रवीण तोगडिया ने यह भी कहा कि, वे समाज के प्रत्येक घटक तक सहायता पहुंचाने हेतु इंडिया हेल्पलाइन व हिंदू हेल्पलाइन का भी संचालन कर रहे है. जिसके लिए 020-66803300 यह हेल्पलाइन क्रमांक भी जारी किया गया है. जिस पर संपर्क करनेवाले प्रत्येक व्यक्ति को यथासंभव सहायता प्रदान की जाएगी. इस पत्रवार्ता में डॉ. प्रवीण तोगडिया ने महिलाओं की सुरक्षा एवं किसानों को उनकी उपज के उचित दाम मिलने का मुद्दा भी उपस्थित करते हुए बताया कि, वे राष्ट्रीय किसान परिषद एवं राष्ट्रीय महिला परिषद का भी गठन करने जा रहे है.
इस पत्रवार्ता में चंद्रकुमार उर्फ लप्पी जाजोदिया, किशोर गोयनका, आकाश शिरभाते, दिनेशसिंह आदि उपस्थित थे.





