गुंडों ने कर दी पुलिस कर्मी की हत्या
वानाडोंगरी में सनसनखेज वारदात

* घर के पास चक्कर लगाने से टोका था गुंडों को
नागपुर/दि.3 – घर के पास बार-बार चक्कर लगा रहे गुंडातत्वों को ऐसा करने से टोकने पर बदमाशों ने पुलिस कर्मी को जान से मार डाला. वानाडोंगरी थानांतर्गत मातोश्री नगर में यह घटना उजागर होने से सनसनी मची है. पुलिस ने कुछ संदिग्ध को हिरासत में लेकर तहकीकात शुरु की है.
वानाडोंगरी थानांतर्गत मातोश्री नगर में रहने वाले पंकज ठाकूर नाम के पुलिस कर्मी की हत्या कर दी गई है. इलाके में घूमने वाले मवालियों से सवाल पूछने पर नाराज होकर उन्होंने यह हत्या की, ऐसी प्राथमिक जानकारी है. इस घटना से इलाके में डर का माहौल बन गया है और मामूली कारण पर पुलिस कर्मी की हत्या होने से पुलिस विभाग में भी खलबली मच गई है. फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
* पंकज के साथ उनके कुछ रिश्तेदार भी घायल
मिली जानकारी के अनुसार, कल (2 अप्रैल) दोपहर पंकज ठाकूर ने आकाश मंडल नाम के स्थानीय युवक से पूछा था कि वह उनके घर के पास बार-बार क्यों घूम रहा है. इसी बात से नाराज होकर आकाश ने अपने कुछ साथियों और परिवार के लोगों के साथ रात करीब साढ़े दस बजे पंकज ठाकूर पर जानलेवा हमला कर दिया. आकाश ने लोहे की रॉड पंकज की छाती में घोंप दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना में पंकज के कुछ रिश्तेदार भी घायल हुए हैं. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस हमले में आकाश मंडल के साथ और कौन-कौन शामिल था.





