कल महामहिम द्रौपदी मुर्मू संत नगरी शेगांव में
ढाई दशक बाद आ रहे उच्च पद आसीन

* प्रशासन ने की फुल ड्रेस रिहर्सल
* करेगी गजानन महाराज समाधी के दर्शन और स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन
शेगांव /दि.24 – देश की राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू कल 25 फरवरी को विदर्भ के दौरे पर पधार रही है. वे संत नगरी शेगांव में गजानन महाराज समाधी मंदिर के दर्शन कर गजानन महाराज अभियांत्रिकी महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित आयुष मंत्रालय के विशाल स्वास्थ्य शिविर का श्रीगणेश करेगी. ढाई दशक बाद संत नगरी में कोई अत्यंत उच्च संविधान पद आसीन व्यक्तित्व आने से यहां के लोगबाग बडे प्रसन्न हैं. आज पूर्वान्ह आईजी और संभाग आयुक्त के मार्गदर्शन में यहां राष्ट्रपति के आगमन की फुल ड्रेस रिहर्सल की गई.
* कल सबेरे 10 बजे पधार रही
महामहिम द्रौपदी मुर्मू कल सुबह 10 बजे विशेष विमान से पधार रही है. फिर हेलीकॉफ्टर से वे यहां खास तौर से बनाये गये हेलीपैड पर उतरेगी. वहां काफीलें से सर्वप्रथम गजानन महाराज समाधी मंदिर पहुंचेगी. उनके काफीलें के मार्ग पर आज पूर्वान्ह पूर्वाभ्यास किया गया. उच्चाधिकारियों की इस समय उपस्थिति रही. सुरक्षा प्रबंधों पर बारीकी से ध्यान दिया गया. सूक्ष्म नियोजन बुलढाणा जिला प्रशासन ने किया है.
* महामहिम और सीएम करेंगे रिसिव!
राष्ट्रपति महोदया की अगवानी राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, बुलढाणा के पालकमंत्री मकरंद आबा पाटिल, सहपालकमंत्री संजय सावकारे, श्रम मंत्री आकाश फुंडकर, डॉ. संजय कुटे, आयुर्वेद महासम्मेलन ट्रस्ट अध्यक्ष पद्मश्री देवेंद्र त्रिगुणा और प्रो. राकेश शर्मा के द्वारा किये जाने की संभावना है.
* चार घंटे दर्शन बंद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दर्शन हेतु पधारने के कारण कल बुधवार 25 फरवरी को सबेरे 8 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक दर्शनार्थियों के लिए गजानन महाराज मंदिर में सीमित प्रवेश रहेंगा. उसी प्रकार आज मंगलवार को भी दो घंटे के लिए रिहर्सल दौरान सामान्य भक्तों के लिए दर्शन बंद किये गये थे. आज रिहर्सल दौरान विभागीय आयुक्त डॉ. श्वेता सिंघल, भाईजी राम पोकले और बुलढाणा के जिलाधिकारी किरण पाटिल, पुलिस अधीक्षक नीलेश तांबे मौजूद थे. अधिकारियों ने मातहतों को उचित निर्देश दिये. बडी तैयारी यहां की गई है. एसआरपीएफ प्लाटून सहित सशस्त्र बल तैनात किया गया है. राष्ट्रपति का शेगांव दौरा दोपहर में पूर्ण होगा और वे नागपुर के लिए प्रस्थान करेंगी.





