‘ट्रैक एंड ट्रेल’ से मेलघाट पर्यटन को मिलेगी नई दिशा

जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने दी जानकारी

अमरावती/दि.3 – मेलघाट अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है और यहां आने वाले पर्यटकों को केवल दर्शनीय स्थलों के साथ-साथ जंगल भ्रमण तथा प्रकृति से जुड़ने का अनुभव मिलना आवश्यक है. इसी उद्देश्य से ‘ट्रैक एंड ट्रेल’ के माध्यम से उपयुक्त मार्गों का चयन कर मेलघाट पर्यटन का समग्र विकास किया जाएगा, यह जानकारी जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने दी.
मेलघाट पर्यटन को लेकर मेलघाट एडवेंचर क्लब द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुतीकरण किया गया. विदर्भ क्षेत्र में वन पर्यटन के लिए मेलघाट एक उत्तम विकल्प है. पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटन स्थलों के विकास के साथ-साथ विविध पर्यटन विकल्प उपलब्ध कराना आवश्यक है. जंगल सफारी, साहसिक पर्यटन के साथ सुरक्षित जंगल भ्रमण की सुविधा देने हेतु वन विभाग को ट्रेकिंग मार्गों का चयन पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करना होगा. आवश्यकता पड़ने पर स्वतंत्र प्रवेश द्वार बनाने के निर्देश भी दिए गए. युवाओं को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से मेलघाट पर्यटन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया. विद्यालयीन छात्रों एवं समूहों में आने वाले पर्यटकों के लिए ठहरने, घूमने एवं भोजन की बेहतर व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता बताई गई. पर्यटक निवास व्यवस्था स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए. सेमाडोह एवं कोलकास स्थित आवासीय सुविधाओं की नियमित देखभाल एवं मरम्मत के निर्देश दिए गए. अन्य क्षेत्रों में टेंट आधारित आवास व्यवस्था के विकल्प पर भी विचार करने को कहा गया. आमझरी में विकसित साहसिक खेल सुविधाओं की ओर भी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए उचित नियोजन करने के निर्देश दिए गए. सुविधाएं एवं रियायतें उपलब्ध कराए जाने से पर्यटकों का रुझान मेलघाट की ओर बढ़ेगा, इसके लिए पर्यटन क्षेत्र का विस्तार आवश्यक है. झरनों एवं ऐतिहासिक स्थलों को केंद्र में रखकर पर्यटकों के लिए पैदल मार्ग विकसित किए जाएंगे. इन मार्गों पर नाश्ता एवं भोजन की सुविधाएं उपलब्ध होने से पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा. वन विभाग को पर्यटक आवास के साथ-साथ जंगल भ्रमण के लिए उपयुक्त मार्ग चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश जिलाधिकारी श्री येरेकर ने दिए.

Back to top button