नवसारी टी पाइंट पर दर्दनाक हादसा

मवेशी ले जा रहे पिकअप ने अध्यापक को कुचला

* ड्राइवर और कन्डक्टर फरार
* अंजनगांव की शाला में पढाते थे अब्दुल साजिद
अमरावती/ दि. 14- शहर के वलगांव रोड क्षेत्र में तीन दिनों के भीतर दूसरी बडी सडक दुर्घटना हो गई. सबेरे 7 बजे नवसारी टी पाइंट पर गौवंश लदे पिकअप वाहन ने ड्यूटी पर अंजनगांव जा रहे अध्यापक को टक्कर मार कर जान ले ली. अध्यापक का नाम अब्दुल साजिद अब्दुल मजीद हैंं. 46 साल के अब्दुल साजिद अंजनगांव जिला परिषद शाला में अध्यापक थे. घटना के बाद पिकअप चालक और खलासी मौके से भाग खडे हुए.
गाडगे नगर थाना अंतर्गत नवसारी टी पाइंट पर अब्दुल साजिद अपनी बाइक से अंजनगांव की तरफ जा रहे थे. वह हबीब नगर नं. 2 स्थित घर से निकले थे. उसी समय तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी गाडी को जोरदार टक्कर मार दी. फलस्वरूप अब्दुल साजिद की मौके पर दर्दनाक मृत्यु हो गई. पिकअप में 13 गौवंश थे. राजपूत ढाबे से लालखडी की ओर से बडे वेग से जा रहे पिकअप के चालक और खलासी हादसे के बाद भाग खडे हुए. गाडगेनगर पुलिस को खबर मिलते ही वह मौके पर पहुंची. अब्दुल साजिद का शव पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.
मौके पर भारी भीड
भयंकर हादसा हो जाने और उसमें गुरूजी की जान चले जाने की खबर ने लोगों को हिला दिया. बडी संख्या में लोगबाग उतनी सुबह भी नवसारी टी पाइंट के घटनास्थल पहुंचे. वहां भारी भीड हो गई थी. दो रोज पहले भी इस मार्ग पर एक टिप्पर ने 25 साल के युवक को कुचल दिया था. ऐसे मेें लोगों द्बारा यहां यातायात सिपाही तैनात कर सडक सुरक्षा के अन्य उपाय किए जाने की मांग उठी है. यह भी समझा जाता है कि सुबह सबेरे गौवंश लदे पिकअप ने अपनी रफ्तार बढा ली होगी. जिसकी वजह से बडी दुर्घटना हो गई और असमय गुरूजी कालकवलित हो गये. गाडगे नगर पुलिस आरोपी चालक और कंडक्टर को खोज रही हैं. जबकि पिकअप में लादे गये गौवंश को गौरक्षण को सौंपा गया है.

Back to top button