टीटीवाईएम का पहला प्रोजेक्ट मंजूर
पीएम मित्र टेक्स्टाइल पार्क का पहला चरण पूर्ण

* सचिव नीलम राव द्वारा अवलोकन पश्चात घोषणा
* एमआईडीसी अधिकारी अजीत कुंभार ने दिया पे्रझेंटेशन
* 1020 एकड में औद्योगिक सुविधाएं हो रही विकसित
अमरावती/दि.13 – नांदगांव पेठ के पास साकार हो रहे पीएम मित्र टेक्स्टाइल पार्क का प्रत्यक्ष कार्य का अवलोकन करने आज देश की टेक्स्टाइल सचिव नीलम शमी राव पधारी. उन्होंने पार्क में दी जा रही सुविधाओं का स्वयं अवलोकन किया. उसी प्रकार प्रदेश के उद्योग विभाग के सहायक सीईओ अजीत कुंभार द्वारा दिये गये प्रेझेंटेशन को देखा. वस्त्रोद्योग मंत्रालय की सचिव ने पीएम मित्रा टेक्स्टाइल पार्क के अब तक हुए कार्य पर संतोष व्यक्त किया.
इस समय महाराष्ट्र के उद्योग सचिव डॉ. पी. अन्बलगन, एमआईडीसी के सीईओ पी. वेल रासू और वस्त्रोद्योग मंत्रालय भारत सरकार के निदेशक अनिल कुमार, सहनिदेशक विनय मिश्रा, वस्त्रोद्योग आयुक्त संजय दैने उपस्थित थे. उसी प्रकार अमरावती के जिलाधिकारी आशीष येरेकर, एमआईडीसी के मुख्य अभियंता राजेश झंझाड, उप सीईओ मनोहर पोटे, प्रादेशिक अधिकारी राम लंके की उपस्थिति रही.
एमआईडीसी के सहायक सीईओ अजीत कुंभार ने पीएम मित्रा पार्क पर प्रस्तुतीकरण दिया. जिसमें बताया गया कि, 1020 एकड पर अब तक सडक, सीवेज वॉटर निर्मूलन, केबलिंग, स्टीट लाइट, जलापूर्ति और सीवेज वॉटर के शुद्धिकरण की सुविधा कर दी गई है. 100 एकड में एमआईडीसी द्वारा सौर उर्जा प्रकल्प साकार किया जाना है. इन सब बातों को देखकर वस्त्रोद्योग सचिव नीलम शमी राव ने समाधान व्यक्त किया. मूलभूत सुविधाओं का पहला चरण पूर्ण हो जाने की बात कही.
* कपास संशोधन केंद्र से बोहनी
अमरावती के पीएम मित्र पार्क में निवेश की पहली बोहनी नेदरलैंड की कपास संशोधन संस्था टीटीवाईएम मैनेजमेंट ने की. इस कंपनी को एमआईडीसी ने तत्काल पीएम मित्र पार्क में 66 एकड भूमि आवंटीत कर दी है. कंपनी लगभग 150 करोड का निवेश करने जा रही है. जिससे 500 जॉब उपलब्ध होने की संभावना व्यक्त की गई है. अमरावती में आने वाली पहली फारेन कंपनी टीटीवाईएम बनी है. कपास पर आधारित अनेक प्रक्रिया उद्योग पीएम मित्र टेक्स्टाइल पार्क में आने की संभावना बलवती हुई है. सूत्रों ने अमरावती मंडल को बताया कि, तीन और विदेशी कंपनियां यहां कपडा उद्योग लगाने पर सोच रही है. शीघ्र अनुबंध होने की संभावना है.





