तुकाराम मुंढे अपने ही अंदाज़ में काम कर रहे

बच्चू कडू का आरोप, दिव्यांगों के 4% आरक्षण की जानकारी न देने पर 38 विभागों पर सवाल

अमरावती/दि.17 – दिव्यांग कल्याण विभाग के कामकाज को लेकर प्रहार जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष बच्चू कडू ने राज्य सरकार और विभागीय प्रशासन पर नाराज़गी जताई है. उन्होंने कहा कि दिव्यांग मंत्रालय बनने के बाद काम में तेजी की उम्मीद थी, लेकिन सचिव तुकाराम मुंढे के कार्यप्रणाली से अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे हैं.
दरअसल, शासकीय सेवाओं में दिव्यांगों के लिए निर्धारित 4 प्रतिशत आरक्षण के अमल की समीक्षा हेतु विभाग ने राज्य सरकार के सभी 40 विभागों से दिव्यांग कर्मचारियों की जानकारी मांगी थी. लेकिन अब तक केवल दो विभागों ने ही जानकारी दी है, जबकि 38 विभागों ने जानकारी देने में टालमटोल की है. इसी मुद्दे पर बच्चू कडू ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए.
कडू ने आरोप लगाया कि कुछ दिव्यांग नागरिक अपनी समस्या लेकर सचिव मुंढे से मिलने गए थे, तब उनसे पंजीकरण और अधिकारों को लेकर सवाल किए गए, जो संवेदनशीलता के अनुरूप नहीं था. उन्होंने कहा कि विभाग का दृष्टिकोण सकारात्मक नहीं दिख रहा है और इसमें सुधार की आवश्यकता है. उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन के दौरान यह मुद्दा देवेंद्र फडणवीस के संज्ञान में लाया गया था, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई. यदि स्थिति नहीं सुधरी तो फिर से मंत्रालय पर आंदोलन किया जाएगा. कडू ने प्रशासन से दिव्यांगों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने और आरक्षण व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की है.

Back to top button