तुअर दाल के रेट घटे, ग्राहकों को राहत
25 प्रतिशत तक कम हुए भाव

* अरहर की आयात से सस्ताई
अमरावती /दि.26- स्थानीय अनाज और किराना मार्केट में अरहर अर्थात तुअर के रेट प्रति किलो 20 से 25 रुपए कम हो गये है. 130-140 की रेंज वाली तुअर इस सीजन में 95-110 रुपए प्रति किलो उपलब्ध है. मार्केट के जानकारों ने बताया कि, विदेशों से बडे प्रमाण में तुअर दाल के आयात की वजह से रेट पर असर पडा है. इससे उपभोक्ता वर्ग खासकर गृहिणियां खुश हो गई है. गृहणियों को दाल के रेट कम होने से रोज के भोजन की थाली तैयार करते समय सुविधा होने की बात कही जा रही है.
* तुअर की पैदावार अच्छी
मंडी के जानकारों ने बताया कि, माल की क्वॉलिटी को लेकर चर्चा हो सकती है मगर इस बार विदर्भ रिजन में अरहर अर्थात तुअर का प्रतिएकड एवरेज ठीक रहा है. पैदावार बढी है. पिछले साल की तुलना में कही-कही दोगुना उत्पादन हुआ है. इससे भी रेट पर असर पडने की जानकारी व्यापारी वर्ग दे रहा है. ऐसे ही व्यापारियों ने दावा किया कि, मोदी सरकार ने सूडान से लेकर तंजानिया तक अनेक देशों से अरहर का आयात का फैसला किया है. वहां से मंगाई गई अरहर के घरेलू मार्केट में आने से दाम पर दबाव बढा है.
* मिलर द्वारा बम्पर खरीदी
मंडी के लोगों ने बताया कि, आम तौर पर दिसंबर से जनवरी तक रहता है. इस बार अधिक समय तक सीजन चल रहा है. क्योंकि पैदावार बढी है. प्रमुख व्यापारी सोमानी ने बताया कि, दालमिलों को किसान सीधे माल बेच रहे हैं. अमरावती के प्रमुख मिलर ने अच्छे दामों पर क्वॉलिटी तुअर की बम्पर खरीदी कर ली है. जिससे रेट पर दबाव बढा है. फुटकर मार्केट में भी दालों के दाम कम हो रहे हैं.
* 130 की तुअर 95 पर आयी
अनाज मार्केट के साथ किराणा मार्केट में भी अमरावती मंडल ने व्यापारियों से चर्चा की तो बताया गया कि, पिछले साल की तुलना में रेट 25-30 प्रतिशत कम हो गये हैं. 130 रुपए प्रति किलो वाली तुअर दाल अब 95-100 रुपए पर आ गई है. जिससे गृहणियों के चेहरे खिल गये हैं. व्यापारियों ने बताया कि, अच्छी मिल क्वॉलिटी की ऑइल्ड तुअर दाल 125 रुपए प्रतिकिलो के रेट में उपलब्ध है.





