राज्यसभा चुनाव को लेकर महाविकास आघाड़ी में खींचतान
कांग्रेस का शरद पवार को शर्तों वाला समर्थन

* विधान परिषद की सीट पर कांग्रेस ने किया दावा
मुंबई ./दि.19- महाराष्ट्र में आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव को लेकर महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. चर्चा है कि राकांपा नेता शरद पवार को समर्थन देने के बदले कांग्रेस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से विधान परिषद की एक सीट छोड़ने की मांग रखी है. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि राज्यसभा के उम्मीदवार पर फैसला लेने से पहले सभी सहयोगी दलों को अपनी स्पष्ट राजनीतिक भूमिका बतानी होगी. इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस फिलहाल वेट एंड वॉच की रणनीति अपना रही है.
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस तैयार है कि एमवीए की ओर से शरद पवार को राज्यसभा भेजा जाए, लेकिन बदले में विधान परिषद की एक सीट कांग्रेस के खाते में देने की मांग की जा सकती है. इसी बीच अजित पवार गुट और शरद पवार गुट के संभावित एकीकरण की चर्चाओं ने भी गठबंधन के भीतर संशय बढ़ा दिया है. यदि दोनों गुट साथ आते हैं तो कांग्रेस अपना रुख बदल सकती है. ऐसे में कहा जा सकता है कि, राज्यसभा चुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं बल्कि महाराष्ट्र की विपक्षी राजनीति की एकता की असली परीक्षा बन गया है. कांग्रेस की शर्तों वाला समर्थन बताता है कि आने वाले दिनों में एमवीए के भीतर सीट-बंटवारे की जटिल सौदेबाजी और तेज होगी.
* 16 मार्च को मतदान, एकजुटता की परीक्षा
भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र सहित देश की 37 सीटों पर चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है. राज्यसभा के लिए मतदान 16 मार्च को होगा. संख्याबल के आधार पर महायुति के छह और महाविकास आघाड़ी का केवल एक उम्मीदवार जीत सकता है, लेकिन इसके लिए विपक्ष की पूर्ण एकजुटता जरूरी होगी.
* वोटों का गणित
राज्यसभा पहुंचने के लिए पहले वरीयता के 37 वोट जरूरी हैं. वर्तमान समीकरण के अनुसार संभावित स्थिति में भाजपा 4 सीट, शिंदे सेना 1 सीट, एनसीपी (अजित गुट) 1 सीट व महाविकास आघाड़ी 1 सीट जीत सकती है.
* क्या फिर राज्यसभा जाएंगे शरद पवार?
एमवीए की ओर से शरद पवार का नाम सबसे आगे माना जा रहा है. उन्हें कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट का समर्थन मिल सकता है. हालांकि बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य कारणों से यह भी सवाल है कि वे स्वयं राज्यसभा जाना चाहेंगे या नहीं. यदि वे इनकार करते हैं तो गठबंधन को सर्वसम्मति उम्मीदवार खोजना पड़ेगा.
* भाजपा भी तैयार कर रही रणनीति
भाजपा संभावित उम्मीदवारों में विनोद तावड़े, विनय सहस्रबुद्धे और रामदास आठवले जैसे नामों पर विचार कर सकती है. इसे लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं.
* विधानसभा का संख्याबल (महाराष्ट्र)
भाजपा – 131
शिंदे सेना – 57
एनसीपी (अजित) – 40
उद्धव सेना – 20
कांग्रेस – 16
एनसीपी (शरद) – 10
अन्य/निर्दलीय – 12





