केबल व स्प्रिंकलर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
11 प्रकरण हुए उजागर,

अमरावती/दि.20 – अमरावती ग्रामीण जिले में किसानों को संकट में डालने वाली केबल, मोटर पंप और स्प्रिंकलर चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 11 चोरी के मामलों का खुलासा किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवराव शंकरराव धुर्वे (41) और शरीफ अब्दुल खान (21), दोनों निवासी तलेगांव, तहसील आष्टी, जिला वर्धा के रूप में हुई है.
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान 18 मार्च को स्थानीय अपराध शाखा की टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि दो आरोपी लाल रंग के मालवाहक ऑटो में केबल जलाकर निकाले गए तांबे के तार बेचने के लिए तलेगांव से तिवसा की ओर आ रहे हैं.सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तिवसा-तलेगांव मार्ग पर जाल बिछाकर ऑटो सहित दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से 26 किलो तांबे का तार और 32 स्प्रिंकलर बरामद किए गए. पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे पिछले कुछ वर्षों से विभिन्न क्षेत्रों के खेतों से केबल चोरी कर उन्हें जलाकर तांबा निकालते थे तथा स्प्रिंकलर भी चुराते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 किलो तांबे का तार, 32 स्प्रिंकलर, एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और एक तीन पहिया मालवाहक ऑटो जब्त किया है. जब्त माल की कुल कीमत 2 लाख 30 हजार 950 रुपये बताई गई है.आरोपियों के खिलाफ तिवसा, चांदूर रेलवे, मंगरूल दस्तगीर, दत्तपुर सहित विभिन्न थानों में दर्ज कुल 11 मामलों का खुलासा हुआ है. आगे की जांच के लिए दोनों आरोपियों को तिवसा पुलिस की हिरासत में सौंप दिया गया है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत के मार्गदर्शन में तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखेड़े के नेतृत्व में की गई. पुलिस टीम में सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल मुडे सहित अन्य कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.





