दो कुख्यात सेंधमारों को पुलिस ने दबोचा

खल्लार पुलिस की कार्रवाई

* चोरी का 1.55 लाख रुपये का माल बरामद
अमरावती /दि.9 – खल्लर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घरफोड़ चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से चोरी की गई नकद राशि और सोने के आभूषण पूरी तरह बरामद कर लिए गए हैं.
जानकारी के अनुसार 6 फरवरी को खल्लर पुलिस स्टेशन में ग्राम मोचारदा निवासी कुलदीप प्रकाशराव घोगरे (32) ने शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि 5 फरवरी की रात वह अपने परिवार के साथ गांव के गजानन महाराज मंदिर में कीर्तन में शामिल होने गए थे. रात करीब 9 बजे वे घर से निकले और करीब 10.30 बजे वापस लौटे. घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का पिछला दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर रखी लोहे की अलमारी खुली हुई थी. जांच करने पर पता चला कि अलमारी से 10 हजार रुपये नकद और करीब 1 लाख 55 हजार 301 रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी हो चुके थे. किसी अज्ञात चोर ने पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश कर चोरी की थी. शिकायतकर्ता के मौखिक बयान के आधार पर धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. अपराध की गंभीरता को देखते हुए थानेदार रविंद्र बरद ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम गठित की. जांच अधिकारी किशोर घुगे के साथ विजय निमकांडे और जितेंद्र पाली को घटनास्थल पर भेजा गया. टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर पंचनामा किया. जांच के दौरान ग्राम मोचारदा निवासी संतोष प्रकाशराव गावंडे (30) की संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. प्रारंभ में आरोपी टालमटोल करता रहा, लेकिन विश्वास में लेकर पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया. पंचों की उपस्थिति में की गई तलाशी में आरोपी के पास से 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए. इसके बाद 7 फरवरी को पुलिस हिरासत में पुनः पूछताछ के दौरान आरोपी ने पंचों के समक्ष बयान दिया कि उसने चोरी किए गए सोने के आभूषण अपने घर में टिन की चादर के नीचे छिपाकर रखे हैं. आरोपी के मेमो के आधार पर पंचनामा कर वहां से सोने के आभूषण बरामद किए गए. इस तरह चोरी गई कुल 1 लाख 55 हजार 301 रुपये का माल जब्त किया गया. यह कार्रवाई थानेदार रविंद्र बरद, पोहेका किशोर घुगे, विजय निमकांडे, विशाल हरणे, जितेंद्र पाली और गोपाल सोलंके के दल ने की.

Back to top button