घरफोडी करने वाले दो शातिर चोर पुलिस की गिरफ्त में
आरोपियों से 1 लाख 30 हजार का मुद्देमाल किया जब्त

परतवाडा /दि.2 – शहर में घरफोडी और एक मोटर साइकिल चोरी का मामला उजागर हुआ है. जिसमें परतवाडा पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1 लाख 30 हजार रुपए का मुद्दे माल जब्त किया है. चोरों का नाम संजय नंदू कवडे व शेखर अनिल उइके (कांडली) बताया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांडुरंग नगर स्थित सचिन मनोहरे यह 21 फरवरी को किसी काम से घर से बाहर गये थे. ऐसे में अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोडकर कपाट में रखे सोने-चांदी के गहने और नगद ऐसे कुल 1 लाख 85 हजार के माल का हाथ साफ किया. इस मामले में परतवाडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी. जांच करते समय सहायक पुलिस निरीक्षक सलीम शेख व डीबी पथक को गुप्त जानकारी मिली. जानकारी के आधार पर पुलिस ने कांडली के मुन्ना उर्फ संजय नंदू कवडे व शेखर अनिल उइके को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया. जांच के दौरान पहले दोनों ने पुलिस को प्रतिसाद नहीं दिया. पुलिस द्वारा जब उन्हें विश्वास में लेकर पूछताछ की गई, तब उन्होंने पांडुरंग नगर सहित व्यंकटेश नगर में सपना उनोने के घर चोरी की बात कबूल की. इस मामले में आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है.
* चोरी की बाइक व आयफोन किया जब्त
आरोपियों द्वारा रहीमापुर पुलिस थानांतर्गत चोरी की गई बाईक का इस्तेमाल चोरी करने के लिए किया गया था. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किये गये सोने-चांदी के गहने, एक आयफोन तथा एक बाइक सहित कुल 1 लाख 30 हजार रुपए का मुद्देमाल जब्त किया.





