भामोद में करंट लगने से दो बहने घायल
घर की छत पर से गई थ्री-फेज लाईन का लगा झटका

दर्यापुर /दि.12 – दर्यापुर तहसील के भामोद गांव में घर की छत से गई थ्री-फेज विद्युत प्रवाहित लाईन के कारण दो मासूम बालिका को करंट लगने से गंभीर रुप से घायल हो गई. यह घटना 8 मार्च को घटित हुई. संबंधित जानलेवा विद्युत तार तत्काल हटाने की मांग ग्रामवासियों ने की है.
भामोद निवासी गोवर्धन बापूराव चव्हाण की बेटी आरुषी गोवर्धन चव्हाण (10) और देवांशी गोवर्धन चव्हाण (5) यह दोनों बहने घर की छत पर खेलने गई थी. घर पर से एल एंड टी कंपनी की थ्री-फेज लाईन गई है. इस तार का स्पर्श होते ही दोनों बहनों को जोरदार झटका लगा और दोनों गंभीर रुप से घायल हो गई. उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती किया गया. दोनों बालिकाओं पर दर्यापुर उपजिला अस्पताल में उपचार जारी है. महावितरण विभाग की लापरवाही पर रोष व्यक्त किया जा रहा है. घर से लगकर अथवा छत से बिजली तार जाने से नागरिकों की जान को खतरा निर्माण हो गया है, ऐसा ग्रामवासियों का कहना है. इस गंभीर घटना को देखते हुए तत्काल यह विद्युत प्रवाहित तार और थ्री-फेज लाइन लोगों के घर पर से हटाने की मांग और संबंधित घटना की जांच कर जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई करने की मांग की गई है.





