अज्ञात ट्रक की टक्कर में दुपहिया सवार की मौत
मोर्शी से चांदूर रेलवे मार्ग के आष्टी गांव की घटना

मोर्शी /दि.18 – दुपहिया वाहन से गांव लौटते समय युवक को अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में युवक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. यह घटना सोमवार 16 फरवरी की रात 8 बजे के दौरान मोर्शी से चांदूर बाजार के आष्टगांव फाटा के पास घटित हुई.
हादसे में एक 22 वर्षीय युवक की मृत्यु देखकर एक 60 वर्षीय व्यक्ति चक्कर आकर नीचे गिर पडा. उसके सिर पर गंभीर चोटे आने से उसे भी मोर्शी के उपजिला अस्पताल से अमरावती जिला अस्पताल रेफर किया गया. सडक हादसे में मृतक युवक का नाम अंबाडा ग्राम निवासी महेश अरविंद गणेशे हैं. जबकि जिला अस्पताल में भर्ती किए गए व्यक्ति का नाम रत्नापुर ग्राम निवासी रामभाउ मधुकर ढोमणे (60) है. बताया जाता है कि अंबाडा ग्राम निवासी महेश गणेशे मोटर साईकिल से मोर्शी कुछ काम निमित्त गया था. काम निपटने के बाद वह मोर्शी से अंबाडा लौट रहा था तब उसे अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. चांदुर बाजार से मोर्शी की तरफ आनेवाले रामभाउ ढोमणे ने अपनी मोटरसाईकिल रोककर दुर्घटनाग्रस्त युवक को देखा वैसे ही उसे चक्कर आई और वे नीचे गिर पडे. उनके भी सिर पर गंभीर चोटे आने से उन्हें मोर्शी उपजिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अमरावती जिला अस्पताल में रेफर किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही मोर्शी के थानेदार राहुल आठवले के मार्गदर्शन में सहायक निरीक्षक नांदगांवकर ने घटनास्थल पहुंचकर पंचनामा किया. मंगलवार 17 फरवरी को वैद्यकिय अधिकारियों ने पोस्टमार्टम कर शव रिश्तेदारों के हवाले किया. इस प्रकरण में अंबाडा निवासी ऋषिकेश डोंगे (30) की शिकायत पर मोर्शी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया हैं.





