उत्तर प्रदेश की दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत
दोनों मृतक अकोला व बुलढाणा जिले के रहने वाले

* हादसे में 38 श्रद्धालु भी घायल
बुलढाणा /दि.10- काशी विश्वनाथ नेपाल की तरफ जाने वाले महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं की बस की वाराणसी-गोरखपुर महामार्ग के गाजीपुर के पास दुर्घटना हो गई. इस सडक हादसे में दो महिलाओं की मृत्यु हो गई. मृतकों में एक महिला बुलढाणा जिले की और दूसरी महिला अकोला जिले की रहने वाली है. जबकि 38 श्रद्धालु घायल हो गये.
जय श्रीराम टूर्स एण्ड ट्रैवल्स कंपनी की तरफ से आयोजित देवदर्शन पर्यटन यात्रा निमित्त महाराष्ट्र के 38 श्रद्धालु अयोध्या व अन्य तीर्थक्षेत्र दर्शन के लिए रवाना हुए थे. गुरुवार 9 अप्रैल को श्रद्धालुओं की बस वाराणसी-गोरखपुर महामार्ग से जा रही थी, तब सुबह 11.30 बजे के दौरान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के पास नंदगज में इस बस की दुर्घटना हो गई. इस दुर्घटना में दो महिला की मृत्यु हो गई. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय आयुष स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने राज्य सरकार व जिला प्रशासन से संपर्क कर घायलों को तत्काल सहायता करने के निर्देश दिये. जिसमें अकोला निवासी 50 वर्षीय अन्नपूर्णाबाई और बुलढाणा जिले के माताला तहसील के रोहिणखेड निवासी सरस्वतीबाई पाखरे की मृत्यु हो गई. शेष 38 श्रद्धालु घायल है. घायलों को वैद्यकीय महाविद्यालय में भर्ती किया गया है. इनमें तीन लोगों की हालत चिंताजनक बतायी जाती है.
* घायलों की सहायता के लिए निजी सचिव रवाना
केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने वहां के जिलाधिकारी दिनेशकुमार, सीएमओ डॉ. सुनील पांडे से संपर्क कर घायलों को तत्काल सहायता करने की सूचना दी है. जबकि केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव के निजी सचिव डॉ. गोपाल डीके, आचल भाटिया भी घटनास्थल सहायता के लिए गाजीपुर की तरफ रवाना हो गये है. दिल्ली के मंत्रालय से भी संबंधितों को निर्देश देकर घायलों को सहायता करने का काम किया जा रहा है.





