दुपहिया वाहनों के लिए पसंदीदा नंबर हेतु कर सकते हैं 20 तक आवेदन

नई नंबर सीरीज शुरू, अमरावती आरटीओ ने दी जानकारी

अमरावती/दि.17 – अमरावती के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा गैर-परिवहन यानि दुपहिया वाहनों के लिए नई वाहन नंबर सीरीज शुरू की जा रही है. इच्छुक वाहन मालिकों से पसंदीदा नंबर (फैंसी नंबर) के लिए आवेदन करने की अपील की गई है.
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी उर्मिला पवार ने बताया कि आवेदक 20 मार्च 2026 (शुक्रवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक निर्धारित शुल्क के डिमांड ड्राफ्ट के साथ आवेदन परिवहन कार्यालय, कैंप अमरावती (खिड़की क्रमांक 25) पर जमा कर सकते हैं.
आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज के तौर पर वाहन मालिक के नाम से आवेदन, पते का प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, डिमांड ड्राफ्ट (ट्रेजरी ब्रांच कोड 003866, अमरावती (कैंप शाखा) के नाम देय) जमा कराना होगा.
* 20 मार्च को जारी होगी सूची
यदि किसी नंबर के लिए एक ही आवेदन प्राप्त होता है, तो वही नंबर आवेदक को दिया जाएगा. यदि एक से अधिक आवेदन आते हैं, तो उनकी सूची 20 मार्च शाम 4 बजे नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी.
* 23 मार्च को होगी बोली प्रक्रिया
जिन नंबरों के लिए एक से अधिक आवेदन आएंगे, उनके लिए आवेदकों को 23 मार्च 2026, दोपहर 1:30 बजे तक अतिरिक्त राशि का डिमांड ड्राफ्ट सीलबंद लिफाफे में जमा करना होगा. उसी दिन दोपहर 3 बजे आरटीओ कार्यालय में लिफाफे खोले जाएंगे. सबसे अधिक राशि देने वाले आवेदक को नंबर आवंटित किया जाएगा. वहीं अन्य आवेदकों को उनका डिमांड ड्राफ्ट वापस कर दिया जाएगा. आवेदकों को स्वयं या अधिकृत प्रतिनिधि के साथ पहचान पत्र लेकर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा. अनुपस्थित आवेदकों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा. किसी भी प्रकार की फोन, मोबाइल या एसएमएस सूचना नहीं दी जाएगी.
आरटीओ प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया और समयसीमा का पालन करें, ताकि उन्हें मनचाहा वाहन नंबर प्राप्त हो सके.

Back to top button