खाने को लेकर हंगामा; चार शिक्षक निलंबित, शिक्षा विभाग में हड़कंप

नागपुर/दि.21 – जिला परिषद कर्मचारियों की क्रीड़ा व सांस्कृतिक स्पर्धाओं के दौरान भोजन को लेकर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया. मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक महामुनी ने चार शिक्षकों को निलंबित कर दिया, जबकि एक शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. निलंबित शिक्षकों में मनोज मानकर (जि.प. प्रा.शाला तांडा-दाभा, हिंगणा), चंद्रशेखर शिंदे (जि.प. प्रा.शाला गुमथी, कामठी), रमेश चाकुलकर (जि.प. प्रा.शाला ऐकर्डी, कामठी) और मनीष पोराटे (जि.प. प्रा. शाला खसाला, कामठी) शामिल हैं. वहीं इखार नामक शिक्षक को नोटिस जारी किया गया है.
जानकारी के अनुसार जिला परिषद के लगभग 8500 अधिकारी-कर्मचारियों के लिए 17 से 19 फरवरी के बीच क्रीड़ा व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था. खेल स्पर्धाएं कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित हुईं, जिनमें दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, रस्साकशी, क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, कैरम, शतरंज और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल थीं. सांस्कृतिक कार्यक्रम डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किए गए, जहां गायन, नृत्य और अन्य कलात्मक प्रस्तुतियां दी गईं. प्रतियोगिताओं के दौरान कर्मचारियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी. इसी दौरान पांच शिक्षकों ने भोजन को लेकर विवाद खड़ा कर दिया. मामले को अनुशासनहीनता मानते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की. इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में खलबली मच गई है और पूरे प्रकरण की चर्चा प्रशासनिक हलकों में भी हो रही है.

Back to top button