बुलढाणा बुलढाणा में शिव प्रतिमा हटाने पर बवाल

जरांगे पाटील ने प्रशासन पर लगाया जनभावना उकसाने का आरोप

बुलढाणा /दि.21- बुलढाणा जिले के लोणार तहसील स्थित चिखला गांव में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा सार्वजनिक स्थान से हटाने के मुद्दे पर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई. घटना में एक महिला के साथ मारपीट भी हुई, जिसके बाद पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा. पुलिस ने मामले में 25-30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है. वहीं दूसरी ओर मराठा आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जानबूझकर शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अपमान कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. उनका कहना है कि आरोपियों को मौके से भागने में स्थानीय पुलिस ने मदद की. उन्होंने इसे जातीय दंगा कराने की कोशिश बताते हुए कठोर धाराएं लगाने की मांग की.
जरांगे पाटील ने प्रशासन से प्रमुख मांगें रखते हुए सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी एवं उनके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराएं लगाने की मांग करने के साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारियों का निलंबन की मांग भी रखी. इसके अलावा सरपंच की गिरफ्तारी व पीड़ित महिला को न्याय देने की मांग करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो राज्य-स्तरीय बैठक और आंदोलन चिखला गांव में किया जाएगा.
जरांगे पाटील ने साफ कहा कि शिवाजी महाराज की प्रतिमा किसी भी हालत में नहीं हटेगी और सरकार को तुरंत कड़े कदम उठाने चाहिए. इस दौरान उन्होंने राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का भी उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग की. फिलहाल गांव में भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

Back to top button