कल वसुधाताई देशमुख का जीवन गौरव समारोह

‘रुक्मिणी’ छात्रावास का ऑनलाइन उद्घाटन

* ‘वसुधा’ उपन्यास का लोकार्पण तथा वार्षिकोत्सव का आयोजन
अमरावती/दि.27 – राज्य की कर्तृत्ववान पूर्व राज्यमंत्री एवं लोकनेता मा. वसुधाताई पुं. देशमुख के जीवन गौरव समारोह का आयोजन शनिवार, 28 मार्च को प्रातः 10 बजे संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन में किया गया है. पीपल्स वेल्फेयर सोसायटी, अमरावती तथा श्री संत गुणवंतबाबा विद्यालय एवं कनिष्ठ महाविद्यालय, तलेगाव मोहना के संयुक्त तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया है.
इस समारोह के साथ अनेक शैक्षणिक एवं सामाजिक उपक्रमों का समावेश होने से कार्यक्रम का विशेष महत्व बढ़ गया है और इसे लेकर व्यापक उत्सुकता देखी जा रही है. इस अवसर पर आदिवासी आश्रम शाला, दह्यांद्री (तह. चिखलदरा, जि. अमरावती) स्थित ‘रुक्मिणी’ छात्रावास की नई इमारत का ऑनलाइन उद्घाटन किया जाएगा. साथ ही ‘वसुधा’ नामक उपन्यास का लोकार्पण भी किया जाएगा, जिसके लेखक नवनीतजी देशमुख हैं. इसके अलावा पीपल्स वेल्फेयर सोसायटी एवं श्रमसाफल्य फाउंडेशन सोसायटी, अमरावती का वार्षिकोत्सव भी इसी दिन मनाया जाएगा.इस जीवन गौरव समारोह की अध्यक्षता महाराष्ट्र राज्य के महसूल मंत्री तथा अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले करेंगे, जबकि उद्घाटन पूर्व वित्त मंत्री जयंत पाटील के हस्ते होगा. मुख्य अतिथियों के रूप में शिक्षा राज्य मंत्री पंकज भोयर, पूर्व मंत्री अनिल देशमुख, सांसद बलवंत वानखडे (अमरावती), डॉ. अनिल बोंडे (राज्यसभा), अमर काले (वर्धा), विधायक सुलभा खोडके (अमरावती), रवि राणा (बडनेरा), महापौर श्रीचंद तेजवानी तथा गटनेता विलास इंगोले सहित अनेक मान्यवर उपस्थित रहेंगे. इस कार्यक्रम का आयोजन समिति अध्यक्ष भैयासाहेब पाटील पुसदेकर, सचिव प्रा. अभय देशमुख, प्रशासनिक संचालक प्राचार्य सु. ना. उपारख्य, जीवनराव देशमुख तथा प्राचार्य राहुल अ. गवई के मार्गदर्शन में किया जा रहा है. श्री संत गुणवंतबाबा विद्यालय एवं कनिष्ठ महाविद्यालय, तळेगाव मोहना के सभी शिक्षक, प्राध्यापक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी कार्यक्रम की सफलता के लिए परिश्रम कर रहे हैं.इस भव्य समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का आग्रह आयोजन समिति की ओर से किया गया है.

Back to top button